शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि उसने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के महत्व को कम करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक तरफ श्री रेणुका जी मेले का भारी भरकम तामझाम के साथ आगाज करते हैं, वहीं दूसरी तरफ कोरोना का खौफ दिखाकर अंतरराष्ट्रीय लवी उत्सव से कनी काट देते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर आरोप लगाया कि वह क्षेत्रवाद की राजनीति कर जनजातीय क्षेत्रों की उपेक्षा कर रहे हैं। वे रविवार को यहां मीडिया से बात कर रहे थे।
विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया कि लोकसभा उपचुनाव में रामपुर से भाजपा को बहुत कम वोट मिलने के बाद सरकार ने यह ओछी हरकत की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सभी क्षेत्रों को समान नजर से देखना चाहिए, लेकिन वे ऐसा नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि उपचुनाव हो चुके हैं और परिणाम आ चुके हैं और ऐसे में सरकार को सभी क्षेत्रों को तरफ देखना चाहिए, लेकिन खेद है कि रामपुर और साथ लगते इलाकों की वह उपेक्षा कर रहे हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में उप चुनाव परिणामों के बाद सरकार अपनी कुछ गहरी नींद से जागी है। उन्होंने कहा कि उप चुनाव परिणामों के बाद केंद्र सरकार ने एकाएक पेट्रोल व डीज़ल के मूल्यों में मामूली सी कमी कर लोगों को उनके प्रति गुस्से को कम करने की नाकाम कोशिश की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से राहत पर अभी तक कोई भी असर देखने को नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एलपीजी गैस सिलेंडर के मूल्यों में भी कोई कमी नहीं की गई है और दालों और सब्जियों के दाम अभी भी आससान छू रहे हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार अब चुनाव नजदीक आते देख कर्मचारियों को लुभाने के प्रयास में जुट गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले चार सालों में इनकी कोई सुध नहीं ली। अब चुनाव समीप आए तो इनको लुभाने के प्रयास में लग गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही कर्मचारियों के सभी मसलों को हल करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर टीचर हो या जेबीटी या सरकारी अनुबंध कर्मी हों, सभी के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में कांग्रेस पुख्ता व प्रभावी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही जनहित की राजनीति की है और आगे भी करेगी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से भेंट कर प्रदेश में हुए उपचुनावों में शानदार जीत पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की शानदार जीत केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की एकजुटता का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह की मंडी संसदीय क्षेत्र से जीत के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनकी यह औपचारिक भेंट थी। उन्होंने बताया कि इस दौरान सोनिया गांधी से प्रदेश कांग्रेस से जुड़े अनेक मसलों पर चर्चा हुई और उन्हें प्रदेश की ताजा राजनीति से भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
