शिमला। जुब्बल-कोटखाई के नवनिर्वाचित विधायक रोहित ठाकुर ने कहा है कि भाजपा सरकार के पिछले पौने चार वर्षों के कार्यकाल में बाग़वान, मजदूर, छोटे दुकानदार और बेरोजगार युवाओं की घोर अनदेखी हुई, जिसका परिणाम भाजपा को उप चुनाव में सभी सीटों में हार से भुगतना पड़ा है। उन्होंने कहा है कि उप चुनाव से भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शरू हो गई है और भाजपा के जुमले और अच्छे दिन के वायदों का हिसाब प्रदेश की जनता 2022 के विधानसभा चुनाव में करेगी। वे बुधवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र के टिक्कर में जन आभार कार्यक्रम में जनता को संबोधित कर रहे थे।
रोहित ठाकुर ने नावर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर वहां तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई के उप चुनाव में जनबल की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि नावर की प्रबुद्ध जनता के अपार स्नेह और समर्थन से कांग्रेस पार्टी को जीत मिली है। उन्होंने कहा कि नावर क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने हर पंचायत में संतुलित और समग्र विकास करने का प्रयास किया है जिसे आगे भी ज़ारी रखा जाएगा।
रोहित ठाकुर ने नावर क्षेत्र में रुके पड़े विकासात्मक कार्य को गति देने को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को तहसीलदार टिक्कर के माध्यम से ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने नावर की जनता का कांग्रेस पार्टी पर उप चुनाव में अपार जनसमर्थन और विश्वास जताने के लिए धन्यवाद किया। रोहित ठाकुर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उप चुनाव में निरंतर संघर्ष और मेहनत कर कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाने पर आभार जताया।
