Spread the love

कुल्लू। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता व मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिभा सिंह ने कहा है कि कांग्रेस शासनकाल में 350 रुपए का गैस सिलेंडर, 62 रुपए पेट्रोल, 50 रुपए डीज़ल मिलने पर महंगाई का ढोल पीटने वाले भाजपा नेता आज 1100 रुपए रसोई गैस, पेट्रोल 104 रुपए और डीज़ल 93 रुपए लीटर मिलने पर खामोश बैठे हैं। इससे भाजपा का दोहरा चरित्र लोगों के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि महंगाई से आम जनता पूरी तरह से परेशान हैं, लेकिन भाजपा को आम लोगों की कोई चिंता नहीं है। वे सोमवार को कुल्लू विधानसभा चुनाव क्षेत्र के तहत बरशैणी, मणिकर्ण, खराल बारी पधरु, लग वैली धोचक, कुल्लू शहर व शमशी में चुनावी सभाओं को सम्बोधित कर रहे थे। 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस का नारा हमेशा काम किया है, zकाम करेंगे का रहा है और उसे वह साकार करती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस काम के नाम पर वोट मांग रही है, जबकि भाजपा विशेष क्षेत्र की दुहाई देकर वोट मांग रही है। उन्होंने कहा आज भाजपा महंगाई पर अपना मुंह नहीं खोल रही है। बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी को नजरअंदाज कर रही है। किसानों-बागवानों की कोई बात नहीं सुनी जा रही ह और आम जनता को राम भरोसे छोड़ दिया गया है।प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अनेकों अवसर उपलब्ध करवाए। उन्होंने कहा कि आज सरकारी नौकरिर्यो में प्रदेश के बाहरी लोगों को नियुक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पढ़े लिखे युवाओं के साथ भाजपा सरकार बहुत बड़ा अन्याय कर रही है और प्रदेश के लोग इन्हें कभी माफ नही करेंगे। 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज यह चुनाव भाजपा की जनविरोधी नीतियों व निर्णयों बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ एक बहुत बड़ा जनमत साबित होगा। उन्होंने लोगों से इस चुनाव में बढ़-चढ़ कर मतदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि उनका एक-एक वोट स्व. वीरभद्र सिंह के लिए उनकी एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने लोगों को भरोसा दिया कि वह वीरभद्र सिंह की भांति ही मंडी की सेवा करते हुए उनके अधूरे सपनों को पूरा करेगी।


प्रदेश के विकास में भाजपा का नहीं कोई योगदान -सुंदर ठाकुर
कांग्रेस विधायक सुंदर ठाकुर ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार प्रदेश के विकास का झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रही है, जबकि उनका प्रदेश के विकास में तनिक भी योगदान नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सेना के नाम पर राजनीति करते हुए शहीदों के स्मारक बनाने में भी भेदभाव करती है। प्रतिभा सिंह के साथ चुनावी सभाओं को सम्बोधित करते हुए सुंदर ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार आज प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के शुरू किए कार्यों के यह सरकार आधे अधूरे निर्माण कार्यों के उद्घाटन कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में आज देश व प्रदेश बर्बादी पर खड़ा है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से देश परेशान है।सुंदर ठाकुर ने भाजपा नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि प्रतिभा सिंह न तो अकेली है और न ही मजबूर। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश की महिला शक्ति, सभी लोग प्रतिभा सिंह के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के लोग प्रतिभा सिंह के साथ खड़े हैं और वीरभद्र सिंह के विकास कार्यों पर लोग अपनी मुहर लगाकर प्रतिभा सिंह भारी मतों से विजयी करवाएंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *