Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार हर मुद्दे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने शासनकाल में मंहगाई, बेराजगारी व किसान-बागवानों के मुद्दों पर भी बैकफुट पर है, जिसका खामियाजा उन्हें उप-चुनावों में भुगतना पड़ेगा। वे जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की क्यारवी, रतनाड़ी व बागी पंचायतों में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर तथा प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन व विधायक हर्षवर्धन चौहान भी उनके साथ थे। 
संजय दत्त ने कहा कि भाजपा सरकार ने घरेलू गैस उपभोक्ताओं की गैस सब्सिडी को समाप्त कर दिया है और बागवानों को उपकरणों व कीटनाशक दवाईयों पर मिलने वाले उपदान को भी समाप्त कर उनके हितों पर कुठाराघात किया है, जिसका जवाब कोटखाई की जनता 30 तारीख को देगी।
कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर ने कांग्रेस शासनकाल में क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही जनहित के मुद्दों व आमजन मानस के हित के लिए हमेशा से कार्य करती आई है। उन्होंने कहा कि विगत 4 वर्षों में जुब्बल-कोटखाई-नावर क्षेत्र अछूता रहा है। सरकार की बागवान विरोधी नीतियों व कार्यप्रणाली से सेब उत्पादकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। भाजपा हमेशा से सेब उत्पादकों के प्रति कभी गंभीर नहीं रही है। इस क्षेत्र के विकास में सदैव कांग्रेस पार्टी का योगदान रहा है। उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस के समर्थन में भारी मतदान करने की अपील की।
वहीं, विधायक हर्षवर्धन चौहान ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा इस क्षेत्र में अंतरद्वंद का शिकार है और उसकी ए और बी दोनों टीमें अपने को भाजपा का असली भगवाधारी बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की अंदरूनी कलह के कारण विगत 4 वर्षों में यह क्षेत्र विकास से महरूम रहा है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में कांग्रेस पार्टी के योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने रोहित ठाकुर को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश सेवादल अध्यक्ष अनुराग शर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव वेद प्रकाश, सुशांत कपरेट,  ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, एन.एस.यू.आई. प्रदेशाध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *