धर्मशाला। भाजपा चुनाव समिति की बैठक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में धर्मशाला में सम्पन्न हुई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं हरियाणा, पंजाब, चंड़ीगढ़ व हिमाचल के प्रभारी सौदान सिंह, भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं सह प्रभारी संजय टंडन उपस्थित रहे।
प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि बैठक दो भागों में हुई। पहले भाग में सभी क्षेत्रों के प्रभारियों, सह प्रभारियों एवं समन्वयकों से अपने-अपने क्षेत्रों का फीडबैक लिया गया। जुब्बल-कोटखाई के प्रभारी मंत्री सुरेश भारद्वाज, सुखराम चौधरी, अर्की से मंत्री डॉ. राजीव सैजल, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, फतेहपुर से मंत्री विक्रम ठाकुर, राकेश पठानिया, सतपाल सत्ती, मंडी संसदीय क्षेत्र से मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, गोविंद ठाकुर एवं राकेश जम्वाल ने अपना-अपना फीडबैक दिया।
दूसरे भाग में भाजपा चुनाव समिति की बैठक हई। इसमें सौदान सिंह, अविनाश राय खन्ना, जयराम ठाकुर, संजय टंडन, प्रेम कुमार धूमल, अनुराग ठाकुर, सतपाल सत्ती, त्रिलोक कपूर, राकेश जम्वाल, त्रिलोक जम्वाल एवं रश्मि धर सूद शामिल हुए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि आने वाले उपचुनावों में भाजपा चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने बताया कि यह चुनाव विकास पर लड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश में चौतरफा विकास किया है और कोविड संकटकाल में भी हिमाचल में विकास को रुकने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार के खिलाफ कोई भी मुद्दा नहीं है और कांग्रेस पार्टी दिशाहीन एवं नेतृत्वहीन है।
