Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी का क्रम जारी है। शुक्रवार को भी राज्य में कोरोना संक्रमण के 14 नए मामले आए। ये सभी मामले हमीरपुर जिले में आए हैं। कोरोना पाजिटिव आए सभी मामले मुंबई से आए लोग पाए गए हैं। इस प्रकार राज्य में अब कोरोना के कुल 166 मामले हो गए हैं और एक्टिव केस बढ़कर 104 हो चुके हैं। राज्य में कोरोना की जंग को 55 मरीज जीत चुके हैं। 
उधर, डीसी हरिकेश मीणा ने कहा कि जिला में आज कोविड-19 संक्रमित 14 व्यक्तियों के मामले सामने आए हैं। ये सभी लोग मुंबई से वापस लौटे हैं। उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कश्मीर में संस्थागत संगरोध में रखी खुंगल गांव की एक 44 वर्षीय महिला एवं उसकी 17, 15 व 11 वर्षीय तीन बेटियों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है। महिला के पति मुंबई से 14 मई को परिवार सहित लौटे हैं और 16 मई को उनका भी नमूना जांच के लिए लिया गया था, जिसमें उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। यह चारों उसी व्यक्ति के प्राथमिक सम्पर्क थे।

वहीं, गलोड़ क्षेत्र के दसवीं गांव की 31 वर्षीय महिला तथा जांसु क्षेत्र के सुक्रियाह गांव का 19 वर्षीय युवक भी कश्मीर में ही संस्थागत संगरोध में थे और कोविड-19 संक्रमित पाए गए हैं। यह दोनों भी मुंबई से लौटे हैं। इसी प्रकार जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान (डाईट), गौना करौर में संस्थागत संगरोध रियोरी गांव की 41 वर्षीय महिला, 21 वर्षीय युवक व उसके 78 वर्षीय दादा के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। बड़सर क्षेत्र के पाहलू गांव का 29 वर्षीय युवक भी कोविड-19 संक्रमित पाया गया है जो मुंबई से अपनी गर्भवती पत्नी के साथ वापस लौटा था और गृह-संगरोध में रखा गया था। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल्टी में संस्थागत संगरोध हार (नाल्टी) गांव का 55 वर्षीय व्यक्ति एवं उसका 23 वर्षीय बेटा भी कोविड-19 संक्रमित पाए गए हैं। यह दोनों 17 मई को मुंबई से लौटे हैं और टैक्सी चलाते हैं।
उधर, बड़सर के बरोटी गांव का 41 वर्षीय व्यक्ति मुंबई से दिल्ली तक राजधानी रेलगाड़ी के माध्यम से पहुंचा और इसके आगे दिल्ली की टैक्सी में 18 मई को यहां आया था, जिसे राजकीय प्राथमिक पाठशाला बतलाऊ में संस्थागत संगरोध में रखा गया था। उसके साथ बिलासपुर जिला के घुमारवीं से संबंध रखने वाला उसका नजदीकी रिश्तेदार (बहनोई) भी वापस आया है। वहीं, 26 वर्षीय व्यक्ति नादौन क्षेत्र के जमनोटी गांव का है जो मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री में कार्य करता है और 13 मई को जयपुर नंबर की टैक्सी से अपनी पत्नी व लगभग डेढ़ माह के बच्चे के साथ वापस लौटा है और गृह-संगरोध में रखा गया था। इन्हें छोड़कर टैक्सी वापस जयपुर चली गयी थी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *