शिमला। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने कहा कि महंगाई ने आम जनमानस की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में बैठी भाजपा की गूंगी बहरी सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सरकार देश में आई है, तब से खाद्य पदार्थों की कीमतें दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। छाजटा ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के समय जनता से कई वादे किए थे और अब भाजपा सरकार गहरी नींद में सो रही है। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी अपना घर नहीं चला पा रहा है। घर की रोजाना जरूरतों की चीजें प्रतिदिन आसमान छू रही हैं॰ जिससे उन्हें अपना घर चलाना मुश्किल हो रहा है।
छाजटा ने कहा कि पेट्रोल डीजल घरेलू गैस सिलेंडर राशन फल सब्जियों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से भाजपा का चेहरा बेनकाब हो गया है। सरकार केंद्र की हो चाहे प्रदेश की, हो दोनों सरकारें महंगाई भ्रष्टाचारी और बेरोजगारी को रोकने में पूरी तरह से फ्लॉप हो गई हैं और जनता का इन दोनों सरकारों से मोहभंग हो गया है। छाजटा ने कहा कि मुफ्त में सिलेंडर बांटने वाले वालों से पूछना चाहिए कि आज गरीब हजार रुपए का सिलेंडर कैसे खरीदेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की रसोई की गैस भी इस सरकार ने इस कदर महंगी कर दी है कि लोगों के घरों का बजट ही बिगड़ गया है। छाजटा ने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी आज आम जनमानस को समझ आ गई है। उन्होंने कहा कि इसका जवाब आम जनमानस आने वाले उपचुनाव, आगामी विधानसभा चुनाव में देगी और इन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
