Spread the love

ऊना। प्रदेश के ऊना जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। जिले के गगरेट पुलिस थाना के तहत होशियारपुर मार्ग के चेक पोस्ट से 150 मीटर पीछे आशा देवी में बाइक पर सवार तीन पुलिस कर्मियों को ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। ये तीनों हमीरपुर जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने इन तीन पुलिस जवानों को रौंदने वाले आरोपी ड्राइवर को ट्रक समेत पकड़ लिया है। हमीरपुर पुलिस ने नादौन के जलाड़ी में ढाबे के समीप आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि उक्त ट्रक के टायर पर खून के धब्बे पाए गए थे। 
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात लगभग 10:30 बजे तीनों जवान एक बाइक पर सवार होकर आशादेवी स्थित पुलिस चेकपोस्ट पर जा रहे थे। इसी बीच, रास्ते में ट्रक ने उनकी बाइक को कुचल दिया। तीनों सिविल ड्रेस में थे। इनके आईकार्ड से इन जवानों की पहचान की गई। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले तीनों पुलिस जवान हमीरपुर जिले के रहने वाले थे। इनकी पहचान विशाल कुमार, गांव झंडवी भोरंज, मनोज कुमार, गांव पिदडता, डाकघर टिक्करी मिन्हासा, भोरंज और शुभम, गांव नारकड़, बड़सर जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। इस हादसे की सूचना मिलते ही परिजन शव लेने ऊना पहुंचे। बताया जाता है कि ये तीनों चौथी आईआरबीएन बटालियन के जवान थे। यह तीनों अभी दो दिन पहले ही ऊना में अपनी सेवाएं देने के लिए तैनात किए गए थे और सड़क हादसे ने इन तीनों की जिंदगी को लील लिया। बताया जाता है कि पुरी पेट्रोल पंप से 150 मीटर की दूरी पर जब जोर से धमाका हुआ तो कोविड ड्यूटी दे रहे अध्यापकों ने वहां जाकर देखा। तीनों जवान सड़क पर पड़े हुए थे। मिली जानकारी के अनुसार इनमें से दो की तो मौके पर ही मौत हो गई थी। और तीसरे की मौत अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में हुई। 
इस घटना के बाद ट्रक चालक टक्कर मारकर मौके से भाग चुका था। उधर, पुलिस ने टोल टैक्स नाका से संदिग्ध गाड़ियों के नंबर लेकर जांच शुरू की और ट्रक और चालक को हमीरपुर जिले के नादौन के जलाड़ी में ढाबे के पास पकड़ लिया। डीएसपी मनोज जम्वाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *