शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस से 4 मरीजों की मौत हुई है। ये मौतें हमीरपुर, शिमला और मंडी जिले में हुई है। शिमला जिले में दो और हमीरपुर व मंडी जिले में एक-एक मरीज की कोरोना वायरस से जूझते हुए मौत हुई है। शिमला जिले में 75 वर्षीय बुजुर्ग व 58 वर्षीय महिला की मौत कोरोना वायरस से हुई है। वहीं, हमीरपुर जिले में 60 वर्षीय व्यक्ति की और मंडी जिले में में 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ा है। प्रदेश में कोरोना वायरस से कुल 3643 मरीजों की मौत हो चुकी है। उधर, प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान 212 नए मामले पाजिटिव आए हैं। इस दौरान कांगड़ा व मंडी जिले में 60-60, हमीरपुर में 52, बिलासपुर में 16, ऊना में 10, शिमला में 5, सोलन में 3, चंबा व कुल्लू जिले में 2-2 और किन्नौर व लाहौल-स्पीति जिले में एक-एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है। इस प्रकार प्रदेश में कोरोना वायरस के अब तक कुल 217615 मामले पाजिटिव आ चुके हैं। इनमें से अब तक 212133 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और बुधवार को 100 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में अब कोरोना वायरस के 1823 एक्टिव केस रह गए हैं।
