ऊना। उपायुक्त राघव शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नगर परिषद व शहरी निकायों को जानबूझकर गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाए। वे ऊना में जिला के शहरी क्षेत्रों में ठोस कूड़ा कचरा प्रबन्धन की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। इसमें शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमण, पार्किंग समस्या, ठोस कूड़ा प्रबन्धन नियम, डोर टू डोर कूड़ा व प्लास्टिक बाइबैक एकत्रिकरण, शहरी क्षेत्रों में सीवरेज़ कनैक्टिविटी विषयों पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि जिला ऊना की तीन नगर परिषद तथा तीन नगर पंचायतों में 91 पंजीकृत लोगों को डोर टू डोर घरों से कूड़ा एकत्रित करने के लिए पंजीकृत किया गया है, जिनके माध्यम से जून माह में डेढ़ क्विंटल ठोस कूड़ा एकत्रित किया गया। जबकि 1.4 क्विंटल प्लास्टिक कचरा बाय बैक पॉलिसी के तहत खरीदा गया है। इसके लिए 89385 रुपए की अदायगी की गई। इसके अतिरिक्त डोर टू डोर कूड़ा एकत्रीकरण के तहत 3.74 लाख रुपए की राशि के मुकाबले 2.64 लाख रुपए की राशि शुल्क के रूप में एकत्रित की गई है तथा शेष शुल्क को भी समय पर वसूल करने के लिए डीसी ने सभी शहरी निकायों को निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि नगर पंचायत दौलतपुर में ठोस कूड़ा कचरा निष्पादन प्लांट के लिए भूमि स्थानांतरित कर दी गई है, जबकि टाहलीवाल व गगरेट नगर पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि शीघ्र भूमि चयन की जाए, ताकि प्लांट स्थापित किये जा सकें।
डीसी ने निर्देश दिए कि सभी शहरी निकाय ऊना नगर परिषद की तरह अल्ट्राटैक सीमेंट कम्पनी को कचरे को कंप्रैस करके उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने ने कहा कि एनएच पर अवैध रूप से स्थापित होर्डिंग्ज को हटाया जाए, इसके अलावा किसी सरकारी सम्पत्ति भवन व दीवार पर लगाए गए अवैध होर्डिग्ज को हटा दिया जाए। उन्होंने बताया कि ऊना शहर में एनएच के किनारे फुटपाथ के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है, जिससे सड़क किनारे वाहन पार्क करने के कारण लगने वाले जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
स्थाई अतिक्रमणकारियों को नोटिस तथा अस्थाई को तुरन्त हटाया जाए
बैठक में ऊना शहर में अतिक्रमण पर चर्चा के दौरान ध्यान में लाया गया कि लालसिंघी से लेकर ऊना पुराने अड्डा के पुल तक के अढ़ाई किलोमीटर क्षेत्र में 111 अवैध अतिक्रमण हैं, जिनमें से 35 स्थाई तथा शेष अस्थाई रेहड़ी-फड़ी वाले हैं। डीसी ने निर्देश दिये कि अस्थाई अतिक्रमण को तुरन्त हटाया जाए तथा स्थाई अतिक्रमण के लिए शीघ्र नोटिस जारी किए जाएं। बैठक में एडीसी डॉ. अमित शर्मा, एएसपी प्रवीण धीमान, एसडीएम डॉ. निधि पटेल, आरटीओ रमेश कटोच, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद ऊना, एसडीओ एनएच, शहरी निकायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
