Spread the love

शिमला। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के वीरवार से शुरू हो रहे दौरे को लेकर किए गए प्रबंधों की समीक्षा के लिए बुधवार शाम यहां सर्वदलीय बैठक हुई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष को मनाने के लिए वर्ष भर समारोहों के आयोजन की योजना बनाई है, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे बड़े स्तर पर मनाना सम्भव नहीं है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विशेष अवसर पर विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है और राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द इस सत्र को सम्बोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस शुभ अवसर पर सभी वर्तमान और पूर्व विधायकों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बहुत ही गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा ताकि इसे अविस्मरणीय बनाया जा सके। जयराम ठाकुर ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से हर सम्भव सहयोग का आग्रह किया।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि इस आयोजन में सभी पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने विधानसभा में होने वाले राष्ट्रपति के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिए 73 से अधिक पूर्व सांसदों और विधायकों ने अपनी सहमति दी है।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पूर्ण राज्यत्व की स्वर्ण जयंती को मनाने के लिए राज्य विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह समारोह पार्टी राजनीति से ऊपर है। उन्होंने राज्य सरकार को कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि यह राज्य की जनता का आयोजन है, जिन्होंने प्रदेश के विकास में अपना असीम योगदान दिया है। मुख्य सचेतक बिक्रम जरयाल, विधायक आशा कुमारी और रामलाल ठाकुर ने इस अवसर पर अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, विधानसभा के सचिव यशपाल शर्मा, पुलिस अधीक्षक शिमला मोनिका भटुंगरू और अन्य अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed