शिमला। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश में शत प्रतिशत वैक्सीनेशन पर उत्साहवर्धन करना प्रदेशवासियों के लिए पुरस्कार से कम नहीं है। जिस उत्साह और जिम्मेदारी के साथ हिमाचलियों ने कोरोना का डटकर सामना किया और वैक्सीनेशन करवाई, वह जंग जीतने से कम नहीं है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को वैक्सीनेशन का लक्ष्य हासिल करने पर मिली शाबाशी प्रदेशवासियों के लिए जंग में जीत के ईनाम से कम नहीं है।
ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रयास अगर आज फलीभूल हुए हैं तो उनमें ऊना की कर्मो देवी जैसे स्वास्थ्य कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, मलाणा की आशा वर्कर निरमा देवी जैसों की मेहनत, मंडी के दयाल सिंह जैसे प्रणेताओं व हमीरपुर की निर्मला देवी जैसे बुजुर्गों के उत्साहवर्धक मार्गदर्शन का अहम योगदान रहा है। प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों की चुनौती को बौना साबित कर जिस तरह हिमाचल ने जीरो वेस्टेज के साथ यह लक्ष्य छुआ है, वह अद्वितीय है। हिमाचल वैक्सीनेशन का मॉडल पेश करते हुए चैंपियन बना है, यह हर प्रदेशवासी के लिए गौरव की बात है।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वैक्सीन को सहेजना और दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाना बहुत बड़ी चुनौती थी, लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के कर्मचारियों के सहयोग से प्रशंसनीय व्यवस्था का परिचय दिया है। वैक्सीनेशन की शुरूआत में जिस तरह विपक्षी दलों ने वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाया और जनता को गुमराह करने का प्रयास किया, वह एक बड़ा रोड़ा था। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश की जनता के आभारी हैं, जिन्होंने मुख्यमंत्री की एक अपील पर स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंच वैक्सीनेशन अभियान को ऐसी गति दी कि आज हम पूरे देश में अव्वल हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वेक्सीन की दूसरी डोज लगाने के लिए भी मुख्यमंत्री ने 30 नवंबर तक इस लक्ष्य को भी पाने की हुंकार भरी है। आशा है प्रदेशवासी इस बार भी उसी उत्साह के साथ वैक्सीनेशन चक्र को पूरा करेंगे।
