शिमला। केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल व युवा मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश द्वारा 18 वर्ष से अधिक की आयु वर्ग का शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण करने की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश की जनता को बधाई दी है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकुशलता में हिमाचल का 18 वर्ष से अधिक की आयु वर्ग का शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण करने वाला देश का पहला राज्य बनना गौरवान्वित करने वाला है। यह उपलब्धि हिमाचल की जनता की जागरूकता, गम्भीरता और निजी ज़िम्मेदारी के पूर्ण निर्वहन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सभी प्रशासनिक अधिकारियों व स्वास्थ्य कर्मियों ने हर चुनौतियों का सामना करते हुए पूरी दृढ़ता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।
उधर, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया का सबसे तेज कोविड टीकाकरण भारत में हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विशेष प्रेम और सानिध्य हमेशा हिमाचल को मिला है। नड्डा ने कहा कि आज का मार्गदर्शन प्रदेशवासियों को टीकाकरण की दूसरी डोज़ के कार्यक्रम को भी सफल बनाने के लिए प्रेरित करेगा।
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने पूरे देश के सामने वैक्सीनेशन को लेकर एक रोडमैप सामने रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले महीने यानी अगस्त में भारत ने 18 करोड़ से ज्यादा टीके लगाए जो जी-7 देशों में लगाए गए कुल टीके से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि यह देखना उत्साहजनक है कि हिमाचल में टीकाकरण अभियान ने उम्र की अधिकता, ख़राब मौसम व जटिल भौगोलिक परिस्थितियों को मात देते हुए देश के सामने कर्तव्य परायण्ता की सशक्त मिसाल पेश की है। कश्यप ने कहा कि इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हिमाचल के स्वास्थ्य कर्मियों और कोविड वैक्सीनेशन कार्यक्रम के लाभार्थियों से संवाद करना देवभूमि के प्रति उनके विशेष प्रेम को दर्शाता है।
