Spread the love


शिमला। 
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि युवाओं में मादक पदार्थों के सेवन का प्रचलन दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, जो कि चिन्ता का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक संस्थओं के द्वारा भी नशे को रोकने के लिए आगे आना चाहिए और समाज का जनजागरण और सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित कर ऐसे अभियान और कार्यक्रमों को आगे ले जाना चाहिए, जिससे समाज में नशे के खिलाफ वातावरण तैयार होगा। वे शनिवार को शिक्षक दिवस को लेकर यहां आर्यावर्त एजुकेशन वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसायटी द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बोल रहे थे। 
भारद्वाज ने कहा कि आज का युवा कल का भविष्य है और आर्यावर्त एजुकेशन वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसायटी द्वारा बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं,  वह सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि संस्था के प्रयासों से बहुत से बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त कर सरकारी व गैर सरकारी विभागों में अच्छे-अच्छे पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे है, जो कि संस्था के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने संस्था को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए की राशि प्रोत्साहन के रूप में देने की घोषणा भी की।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि स्वामी तनमहिमानंद ने कहा कि शिक्षक दिवस का दिन मात्र एक उत्सव नहीं है, यह ज्ञान, एकाग्रता और चरित्र विकास का संकल्प लेने का दिन है। शिक्षा के क्षेत्र में स्वामी विवेकानंद के दर्शन को हमें आत्मसात करना चाहिए।
आर्यावर्त एजुकेशनल वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसायटी के अध्यक्ष कौल नेगी ने कहा आर्यावर्त सोसायटी अपने स्थापना काल वर्ष 2013 से विभिन्न प्रकार की सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज सेवा के कार्य कर रही है। शिमला स्थित आर्यावर्त इंस्टीट्यूट में स्थापना काल से अब तक 2000 से अधिक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया, जो प्रदेशभर में विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कोरोना काल में जब प्रदेश गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा था, सोसायटी ने मास्क, सेनेटाइजर, मेडिकल किट, प्लस ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन कॉन्सेंटर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को उपलब्ध करवाई। साथ ही लॉकडाउन के कारण जिनका रोजगार चला गया, ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर मुफ्त राशन किट वितरित किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में नशा उन्मूलन को लेकर प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जाएगा और किसानों बागवानों को आ रही समस्याओं के समाधान गाथा कृषि व बागवानी के क्षेत्र में आधुनिकीकरण और आय बढ़ाने की दृष्टि से संबंधित विशेषज्ञों की सहायता से प्रदेशभर में विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर संस्था के कानूनी सलाहकार श्रेयक शारदा, रामपुर ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप, अनिल भागटा, विरेंदर शर्मा, कविता ठाकुर, खेमराज शर्मा, शिवकुमार, कमल ठाकुर, अश्वनी और धीरज उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *