Spread the love

बिलासपुर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा सेवाएं और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि बिलासपुर के लिए भानुपल्ली-मनाली-लेह रेलवे लाइन का कार्य प्रगति पर है। युवाओं की खेल प्रतिभा को बढ़ाने के लिए खेलों को बढ़ावा दिया जाएगा और बिलासपुर में सभी समुचित सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर को देश में साहसिक खेलों का हब बनाया जाएगा। वहीं लुहणू मैदान को आधुनिकता के साथ इसका सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे पयर्टन को बढ़ावा मिलेगा। वे जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान बिलासपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने पर पहली बार हिमाचल आने पर जिस तरह लोगों के भारी जन-सैलाब ने पूरे उत्साह, उमंग और जोश के साथ स्वागत किया है, इसके लिए वह उनका हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने जो प्यार और स्नेह यहां दिया है, उसके लिए वे उनका सिर कभी भी झुकने नहीं देंगे तथा पहले से दोगुना काम कर हिमाचल का मान सम्मान हमेशा बढ़ाते रहेंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवा मंत्रिमंडल गठित कर देश को सशक्त, मजबूत एवं नई दिशा देने का कार्य किया है। अनुराग ने कहा कि बिलासपुर उनके लिए बहुत ही महत्वपूर्ण जिला है, क्योंकि यहां से देश की सबसे बडी पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा संबंध रखते हैं। उनके केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री रहते प्रदेश के लिए 4 हजार करोड के प्रोजेक्ट दिए गए, जिसमें एम्स भी शामिल है। उन्होने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र ही एक ऐसा क्षेत्र है, जहां पर एनआईटी, ट्रिपल-आईटी, पीजीआई, हाइड्रो इंजीनियरिंग काॅलेज आदि के अतिरिक्त तीन किक्रेट स्टेडियम भी मौजूद हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सफल प्रयासों से कोविड वैश्विक महामारी से बचाव व उसकी सुरक्षा के लिए 35 हजार करोड़ रुपए खर्च कर अब तक 55 करोड लोगों का मुफ्त टीकाकरण किया गया है और यह क्रम जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भी 84 प्रतिशत टीकाकरण करने पर अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होने लोगों से आह्वान किया कि वे कोरोना प्रोटोकाॅल का पालन करें। सजग रहें, सचेत रहें, सुरक्षित रहें और अपना ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि देश आजादी के 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में अमृत महोत्सव मना रहा है, जिसका उद्देश्य अगले 25 सालों में युवाओं द्वारा भारत को विश्व गुरू बनाने का सपना साकार करना है।
इस अवसर पर प्रदेश प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेन्द्र गर्ग, विधायक सदर बिलासपुर सुभाष ठाकुर ने भी अपने विचार रखे। जनसभा में विधायक झंडुत्ता जेआर कटवाल, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राज्य आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, जिला परिषद अध्यक्ष कुमारी मुस्कान, नगर परिषद अध्यक्ष कमलेन्द्र कश्यप, उपाध्यक्ष कमल गौतम के अतिरिक्त के अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *