शिमला। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर ने प्रदेश भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि बढ़ते भ्रष्टाचार से प्रदेश शर्मसार हुआ है। चारा घोटाला पहले अन्य राज्यों में सुना करते थे, लेकिन अब प्रदेश में चारा घोटाला सामने आने से सरकार की पूरी पोल खुल गई है।
आज कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए गंगू राम मुसाफिर ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी भ्रष्टाचार से लोग त्रस्त है। सरकार है कि कर्ज पर कर्ज लेकर फिजूलखर्ची कर रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 61 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज हो गया है। प्रदेश में विकास को ग्रहण लग चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हीं योजनाओं के फीते काट रही है जो पूर्व कांग्रेस सरकार ने शुरू किए थे।
मुसाफिर ने कहा कि लोग प्रदेश में चुनाव की राह देख रहे हैं कि कब भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपना कोई भी वायदा पूरा नहीं किया है और इससे सरकार की लोकप्रियता गिरी है। बढ़ती महंगाई के लिए राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए गंगूराम मुसाफिर ने कहा कि आज सस्ते अनाज की योजना भी दम तोड़ चुकी है। डिपुओं में सस्ता राशन महंगा हो गया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल व डीजल महंगा होने से हर जरूरी सामान महंगा हो रहा है। सरकार ने कोई भी राहत किसी को नहीं दी है।
गंगू राम मुसाफिर ने कहा कि सरकार की उज्जवला योजना भी दम तोड़ रही है, क्योंकि गैस सिलेंडर दिनोंदिन महंगा होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को पेट्रोल व डीजल पर वेट कम कर राहत देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में मजबूती के साथ सरकार की सभी जनविरोधी नीतियों व निर्णयों का विरोध कर आम लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ जन समर्थन कांग्रेस के साथ है और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस बहुमत से अपनी सरकार बनाएगी। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस महासचिव चेतराम ठाकुर, शिमला जिला अध्यक्ष ग्रामीण यशवंत सिंह छाजटा व ठियोग ब्लॉक अध्यक्ष कंवर नरेंद्र सिंह भी उपस्थित थे।
