Spread the love

शिमला। बाहरा विश्वविद्यालय में 75वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बीएस नागेन्द्र पराशर द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में तिरंगा फहराया गया। इस वर्ष सरकारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए इस कार्यक्रम में सीमित संख्या में ही लोग शामिल हुए। विश्वविद्यालय के स्टाफ और फैकल्टी, विभागाध्यक्ष, विश्वविद्यालय की सभी विभागों और कर्मचारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर अपने संदेश में कुलपति नागेन्द्र पराशर ने छात्रों और संकाय को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने देश के स्वतंत्रता सैनानियों को नमन किया, जिनके संघर्ष और निस्वार्थ बलिदान से देश को आज़ादी मिली। डॉ. पराशर ने अपने संदेश में विद्यार्थियों और कर्मचारियों से राष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कर्तव्यदायी और जिम्मेदार नागरिक बनने का आग्रह किया और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि युवाओं को स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ और महत्व को समझना चाहिए, जो हमारे पूर्वजों के वर्षों के बलिदान के कारण हमें हासिल हुई है।

डॉ. पराशर ने कोरोना महामारी में दिन-रात काम कर इस वैश्विक महामारी से लड़ रहे कोरोना वॉरियर्स को सलाम किया। साथ ही सभी से इनका सहयोग करने और इस कठिन दौर में सरकार और स्वास्थ्य संगठनों द्वारा समय समय पर जारी किए जा रहे दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि मिलकर हम इस बीमारी पर जीत हासिल कर सके।
बाहरा विश्वविद्यालय के कीप हिमाचल क्लीन कार्यक्रम के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इसके तहत विश्वविद्यालय परिसर में देवदार और चिनार के पौधे लगाए गए तथा हिमाचल को क्लीन एंड ग्रीन रखने की प्रतिज्ञा ली गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के एडमिशन एंड मार्केटिंग डायरेक्टर अनुराग अवस्थी, डीन स्टूडेंट वेलफेयर, डायरेक्टर एडमिन, एवं जन संपर्क अधिकारी गौरव बाली सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed