शिमला। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल ने 75वें स्वतंत्रता दिवस पर युवा मोर्चा द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा रैली को चौड़ा मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि शहीदों के सम्मान में पूरे प्रदेशभर में शुरू हुई भाजपा की तिरंगा यात्रा में राष्ट्र प्रेम उमड़ा और युवाओं में काफी जोश देखने को मिला। इस यात्रा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने नाहन में, महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कांगड़ा और महामंत्री राकेश जम्वाल ने मंडी में हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। तिरंगा यात्रा चौड़ा मैदान से शुरू होकर संजौली में संपन्न हुई। इस दौरान जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। जम्वाल ने कहा कि देश पर कुर्बान होने वाले अमर शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। हमारे लिए तिरंगे का मान सबसे पहले है। यात्रा में उमड़ा युवा जोश इस बात का प्रमाण है कि हिमाचल के लोगों के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत देश को एक बार फिर से विश्व में सिरमौर बनाया है। उनका कहना था कि जब तिरंगा फहराया जाता है तो देश पर कुर्बान होने वाले अमर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का अहसास करवाता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल वीरों की भूमि है। यहां के युवाओं ने राष्ट्रप्रेम में इतिहास रचा है। अमर शहीदों की कुर्बानी को बेकार नहीं जाने दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जा रही है। इस कार्यक्रम में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित ठाकुर, ज़िला अध्यक्ष पारुल शर्मा, मंडल शिमला, ग्रामीण, कसुम्पटी के युवा अध्यक्ष, गौरव कश्यप, प्रदीप कश्यप और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
