शिमला। ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी कसुम्पटी ने पिछले दिनों भाजपा के जिला अध्यक्ष रवि मेहता द्वारा कसुम्पटी के विधायक अनिरुद्ध सिंह पर लगाए आरोपों का कड़ा विरोध किया है। ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी कसुम्पटी के अध्यक्ष रामकृष्ण शांड़िल ने आज कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि उस प्रकरण से विधायक को कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने भाजपा के जिला अध्यक्ष को मर्यादा में रहकर तथ्यों के आधार पर बयानबाजी करने की सलाह देते हुए कहा कि कसुम्पटी के विधायक पर इस तरह के आरोप लगाना बंद करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।
ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कसुम्पटी के विधायक अनिरुद्ध सिंह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के सभी वर्ग के लोगों को विश्वास में लेकर सर्वांगीण विकास करवा रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के समय में भी विधायक अनिरुद्ध सिंह ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अहम भूमिका निभाई। इसके तहत कोरोना काल में किसानों की सब्जियों को मंड़ियों तक पहुंचाने के लिए गाडियों की व्यवस्था करने, पशुओं के लिए गांव-गांव तक चारा पंहुचाना, आवश्यक वस्तुओं को आमजन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही प्रदेश से बाहर रह रहे अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगो को वापिस लाने में मदद की है। उन्होंने पूछा कि तब भाजपा के जिला अध्यक्ष समेत मण्डल भाजपा नेता कहां थे।
रामकृष्ण शांडिल ने कहा कि कसुम्पटी क्षेत्र में जो भी विकास हुआ है वह पूर्व में मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद व स्थानीय विधायक अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में ही सम्भव हुआ है। चाहे कोटी में डिग्री कालेज का खोलना, चियोग पंचायत में संस्कृत काॅलेज लाना, बणी (फागू) पंचायत में सब्जी मंडी स्वीकृत करना, जुन्गा व मशोबरा में आईटीआई खोलना, चमियाना में आईजीएमसी फेस -2 का खुलवाना तथा ऐसे अनेकों कार्य हैं जो कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में हुए हैं तथा कुछ कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि ब्लाक कांग्रेस कसुम्पटी विकास कार्यों से संबंधित बहस व चर्चा के लिए किसी भी मंच पर तैयार है।इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कंवर भूपेन्द्र सिंह, बलदेव पुरी, हेम सिंह वर्मा, दीपक रोहाल, राजेश वर्मा, चमन ठाकुर, नरेन्द्र ठाकुर, राजू शैनल, नेहा शर्मा, शशि ठाकुर, नरेन्द्र कंवर, सेवक राम कश्यप उपस्थित थे।
