शिमला। शहरी विकास व सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि सहकारिता प्रकोष्ठ का न केवल संगठन की दृष्टि से, बल्कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के सपने को साकार करने में भी अहम योगदान है। वे मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में हिमाचल प्रदेश भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
भारद्वाज ने कहा कि सहकारिता के महत्व का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने इसके लिए अलग मंत्रालय बनाया है, जिसका प्रभार गृहमंत्री अमित शाह के पास है। उन्होंने कहा कि सहकार से समृद्धि का मंत्र ही भारत को आत्मनिर्भर बनाएगा। भारद्वाज ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा सहकारिता के क्षेत्र में कई योजनाएं चलायी जा रही है। इन योजनाओं का मकसद ग्रामीण और शहरी आर्थिकी को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में आर्थिकी पर पड़े प्रभाव खत्म करने में इस क्षेत्र का अहम योगदान होगा।
