शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने दिवंगत वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह की याद में रविवार से वृक्षारोपण सप्ताह कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने शिमला जिले के कुमारसेन के डिगाधार से इस अभियान को शुरू किया। राठौर ने वहां देवदार का पौधा रोपकर इसकी शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने अपनी माता की स्मृति में भी पौधा लगाया। उनका भी पिछले माह निधन हो गया था।
इस मौके पर कुलदीप राठौर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रदेश के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी याद में प्रदेश में वृक्षारोपण का आयोजन उनके लिए एक सच्ची श्रद्धांजलि है। राठौर ने इस वन महोत्सव में भाग लेने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि कांग्रेस हर साल वन महोत्सव में अपने सामाजिक दायित्व के तहत वृक्षारोपण करती रही है। उन्होंने कहा कि इस साल कांग्रेस ने अपने एक महान नेता व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को सदा के लिए खो दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने अपना जन नायक खो दिया। उनकी याद हमेशा हमारे दिलों में रहेगी।
कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के हर जिले व अपने सभी ब्लॉकों में वीरभद्र सिंह की स्मृति में पौधरोपण सप्ताह मनाने का निर्णय लिया है। जिला शिमला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा व ठियोग ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कंवर नरेंद्र सिंह, कांग्रेस सचिव आशा कंवर, अतुल शर्मा, महिला जिलाध्यक्ष विनीता वर्मा, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष राजेश, एससी प्रकोष्ठ अध्यक्ष नंदलाल, मीडिया विभाग अध्यक्ष निखिल व दर्जनों महिला मंडल की कार्यकर्ता मौजूद थी।
