शिमला। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राकेश शर्मा (बबली) ने हिमाचल में सेब, आम, नींबू प्रजाति के फलों का समर्थन मूल्य एक रुपए बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। किसान मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि सेब का हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी में मुख्य योगदान है। उन्होनें कहा कि आज तक समर्थन मूल्य में 25 से 50 पैसे तक की ही बढ़ोतरी होती थी, जिससे बागवानों को अपनी मुख्य नकदी फसल के उचित दाम नहीं मिल रहे थे, लेकिन इस बार सेब, आम व नींबू के समर्थन मूल्य में सीधे एक रुपए प्रतिकिलो की बढ़ोतरी कर मुख्यमंत्री ने किसानों व बागवानों को राहत प्रदान की है। डाॅ. राकेश शर्मा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा जुब्बल व कोटखाई में एसडीएम कार्यालय, विकास खंड कार्यालय उप तहसील कार्यालय, अग्निशमन केन्द्र खोलने की घोषणा का भी स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इन कार्यालयों के खुलने से स्थानीय जनता के साथ-साथ किसानों-बागवानों को भी काफी फायदा होगा। इससे पहले किसानों-बागवानों को अपने घर से 30-35 किमी. का सफर तय करना पड़ता था, लेकिन अब इन कार्यालयों के खुलने से समय और धन दोनों की बचत होगी।किसान मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार व केन्द्र की मोदी सरकार किसानों-बागवानों के हितों के प्रति हमेशा ही सजग व संवेदनशील रही है और किसान व बागवान आर्थिक रूप से समृद्ध व सशक्त हो इसके लिए निरंतर प्रयासरत है। जिस प्रकार से केन्द्र व प्रदेश सरकार किसानों-बागवानों के लिए योजनाएं बना रही है, निश्चितरूप से 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के अपने लक्ष्य में कामयाब होगी।
