शिमला। शिमला जिले के जुब्बल-कोटखाई विधानसभा हलके में होने वाले उपचुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाने लगा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के क्षेत्र के दौरे के बीच शिमला में जुब्बल-कोटखाई से पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता रोहित ठाकुर ने सरकार पर कई हमले किए। उन्होंने क्षेत्र में मंत्रियों के दौरान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज जुब्बल-कोटखाई मंत्रियों के लिए पर्यटन स्थल बना हुआ है और आए दिन कोई न कोई मंत्री क्षेत्र का दौरा कर रहा है और क्षेत्र के लोगों को झूठे सब्जबाग दिखा रहा है। लेकिन हकीकत यह है कि साढ़े तीन साल के भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान यह क्षेत्र विकास की दृष्टि से महरूम रहा। रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार पर कई हमले बोले। उन्होंने भाजपा सरकार पर जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने साढ़े 3 साल के कार्यकाल में क्षेत्र की पूरी तरह से अनदेखी की है। सिर्फ घोषणाएं कर क्षेत्र की जनता के साथ भेदभाव किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में उपचुनाव को देखते हुए भाजपा सरकार बौखलाहट में है और अब क्षेत्र में जुमलों और कोरी घोषणाओं की मूसलाधार बारिश कर रही है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि जयराम सरकार ने लोकनिर्माण विभाग का कोटखाई में मंडल घोषित किया था और इसके लिए वहां पद सृजित किए थे, लेकिन वहां मात्र ड्राफ्टमैन का ही पद भरा गया। उन्होंने कहा कि तहसील टिक्कर में पिछले 2 वर्षों से तहसीलदार का पद तक नहीं भरा गया। वहीं, कोटखाई में कॉलेज की घोषणा की गई थी, लेकिन वह भी कहीं दब गई और वहां पर ट्रामा सेंटर की घोषणा की गई थी और वह भी कोरी साबित हुई है। उन्होंने कहा कि सीआरएफ, पीएमजीएसवाई, नाबार्ड और वर्ल्ड बैंक की योजनाओं में से जुब्बल -नावर-कोटखाई को कुछ नहीं मिला है। यही नहीं शिमला जिला भी इसमें नाममात्र की राशि ही मिल पाई है। रोहित ठाकुर ने आगे कहा कि सेब सीजन सिर पर है, लेकिन सरकार की तरफ से बागवानों को जो राहत देनी चाहिए थी, वह उन्हें नही दी गई। बेमौसमी बर्फबारी और भारी ओलावृष्टि से बागवानों को करोड़ों का नुकसान हुआ है, लेकिन दुख की बात है कि बारिश ओलावृष्टि से हुए नुकसान की कोई भरपाई अभी तक सरकार ने नहीं की। उन्होंने कहा कि सेब की पैकिंग की सामग्री पर 25 से 30 फ़ीसदी की बढ़ोतरी की गई है और इससे बागवानों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन साल में जुब्बल-नावर-कोटखाई के लिए भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार पूरी तरह असफल रही है और हिमाचल को कुछ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई में उपचुनाव होना है और अब सरकार झूठी घोषणाएं कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार धनबल पर चुनाव जीतने का प्रयास करेगी, लेकिन कांग्रेस के साथ जनबल है और जुब्बल-नावर-कोटखाई में जनबल की ही जीत होगी।रोहित ठाकुर ने कहा कि सरकार का ज्यादातर बजट मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र सिराज और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर में खर्च हो रहा है। पीएमजीएसवाई और सेंट्रल रोड फंड के तहत जुब्बल-नावर-कोटखाई को कोई बजट नहीं मिला है। जबकि सेंट्रल रोड फंड के तहत सिराज व धर्मपुर को 509 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि ठियोग-खड़ापत्थर-हाटकोटी सड़क का बचा हुआ 8 फीसदी कार्य भी भाजपा सरकार पूरा नहीं करवा पाई है, जबकि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के दौरान इस सड़क का 92 फीसदी कार्य पूरा कर दिया था। इस मार्ग पर आठ पुल बनने है, लेकिन वे ही नहीं बने हैं। एक सवाल के जवाब में रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी का चयन पार्टी हाईकमान करेगी।
