शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने निर्देश दिए हैं कि राजधानी शिमला के सब्ज़ी मंडी ग्राउंड के पास बन रहे व्यावसायिक परिसर के शीघ्र निर्माण के लिए एक तकनीकी समिति का गठन किया जाए। उन्होंने यह निर्देश भी दिए कि परिसर निर्माण के समय पार्किंग के प्रावधान का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मंगलवार को यहां शिमला स्मार्ट सिटी व हिमुडा के अधिकारियों के साथ बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में सब्ज़ी मंडी ग्राउंड के पास प्रस्तावित व्यावसायिक भवन को लेकर एक प्रेजेंटेशन दी गई।
भारद्वाज ने कहा कि शिमला को बेहतर शहर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में यह भवन हर तरह से स्मार्ट सिटी के मानकों पर खरा उतरना चाहिए। उन्होंने शिमला स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को शहर में चल रहे विकास कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन संबंधी मामलों कि सूची बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन मामलों के बारे में विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिस से किसी भी प्रकल्प में देरी न हो।
भारद्वाज ने कहा कि शहर की सड़कों को चौड़ा करने के काम को प्रगति रिपोर्ट हर सप्ताह दी जाए और आने वाली छोटी-बड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए सक्रियता से प्रयास किये जाएं। शहरी विकास मंत्री ने स्मार्ट सिटी की वेबसाइट बनाने के निर्देश भी दिए। शहरी विकास के सचिव रजनीश, जो कि सचिव आईटी भी हैं, को निर्देश दिए कि स्मार्ट सिटी की वेबसाइट बनाने के लिए तकनीकी सहायता प्रदान की जाए।
