शिमला।
हिमाचल किसान सभा ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि कोरोना वायरस महामारी के कारण पैदा हुई परिस्थिति से प्रदेश के किसानों को उनके उत्पाद को उचित मूल्य प्रदान करने के लिए तुरन्त ठोस कदम उठाए जाएं। किसान सभा के वित्त सचिव संजय चौहान ने कहा कि प्रदेश में किसानों की गेहूं, मटर, गोभी आदि की फसल लगभग तैयार है और इनको मण्डियों तक पहुंचाने के लिए इनकी परिवहन व विपणन की उचित व्यवस्था की आवश्यकता है, ताकि किसानों को इस आपदा की परिस्थिति में उनके उत्पादन का उचित मूल्य दे कर राहत प्रदान की जा सके।
चौहान ने मांग की कि सरकार तैयार हुई सभी फसलों की खेत से ही खरीद करने के लिए टीमों का गठन कर किसानों को वही उचित मूल्य प्रदान करे, ताकि किसान को घर से बाहर कम से कम निकलना पड़े। वैसे भी आज की परिस्थिति को देखते हुए सरकार को इन हालात से निपटने में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई किसान अपनी फसल को मंडी में ले जाकर बेचना चाहता है तो सरकार उसके लिए भी परिवहन व विपणन की व्यवस्था करे। साथ ही मण्डियों में सरकार निगरानी करे, ताकि किसान का शोषण न हो व उसको उसके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज की विकट परिस्थिति को देखते हुए सरकार इस मांग पर तुरंत अमल कर किसानों को राहत प्रदान करेगी और बाज़ार में भी आपूर्ति सुचारू की जाएगी।
