Spread the love

शिमला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को अटल टनल रोहतांग का दौरा किया। टनल के उत्तरी छोर पर सीमा सड़क संगठन और ग्रैफ के अधिकारियों तथा आम जनता ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। टनल के दक्षिणी छोर और सिस्सू में भी लाहौल-स्पीति जिले के लोगों ने पारम्परिक रूप से जगत प्रकाश नड्डा और जयराम ठाकुर का अभिनन्दन किया।
उत्तरी छोरी पर मीडिया के साथ अनौपचारिक बातचीत के दौरान जगत प्रकाश नड्डा ने टनल निर्माण में सीमा सड़क संगठन के इंजीनियरों के कौशल की सराहना की। उन्होंने लाहौल-स्पीति जिले को शेष विश्व के साथ वर्षभर जोड़े रखने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सुरंग निर्माण के सपने को साकार करने में व्यक्तिगत रुचि लेने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह टनल सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, जिसके माध्यम से देश की सीमाओं पर तैनात सेना को विभिन्न प्रकार की सामग्री की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हुई है।
इससे पूर्व, मनाली में सासे हेलीपैड पहुंचने पर सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, कृषि मंत्री डाॅ. रामलाल मारकंडा, शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, राज्य भाजपा महासचिव त्रिलोक कपूर और अन्य स्थानीय नेताओं ने जगत प्रकाश नड्डा और जयराम ठाकुर का स्वागत किया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed