धर्मशाला। प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने अपनी लिखी पुस्तक ‘मैं एक कोरोना योद्धा हूं’ को भाजपा राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष को भेंट की। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय टंडन भी उपस्थित रहे।इस अवसर पर भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि जिस प्रकार से पूरे विश्व में कोरोना वायरस के खिलाफ एक जंग लड़ी है वह अपनेआप में एक ऐतिहासिक घटनाक्रम है। खन्ना ने बताया कि जिस प्रकार से उन्होंने स्वयं हिमाचल, पंजाब और हरियाणा प्रांत में कोविड-19 संकटकाल में जनसेवा की और लोगों की मदद की, उसका एक लेखा-जोखा इस पुस्तक में प्रस्तुत किया गया है।
खन्ना ने कहा कि कोविड-19 संकटकाल में भाजपा ने सेवा ही संगठन के माध्यम से जनता की सेवा की है और इस संकट की घड़ी में अनेकों कार्यक्रमों से जनमानस को राहत पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र राजनीतिक दल है, जिसने राजनीति से हटकर जनसेवा का एक बड़ा उदाहरण पूरे विश्व में पेश किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस प्रकार से भारत को आत्मनिर्भर बनाया और भारत में वैक्सीन निर्माण कर पूरे विश्व को वैक्सीन पहुंचाने का कार्य किया है वह सराहनीय है।
