Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश मामलों के सचिव प्रभारी संजय दत्त 25 जून से 1 जुलाई तक प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह प्रदेश में होने जा रहे तीन उपचुनावों को लेकर पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों से चुनावी रणनीति व अन्य मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। इसके अलावा वे पार्टी के विभागों के साथ भी बैठक करेंगे। संजय दत्त के प्रस्तावित दौरे के मुताबिक वे 25 जून को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय शिमला में सायं 4 बजे अनुसूचित जाति व अनुसूचित जाति विभाग के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह ओबीसी विभाग व वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

संजय दत्त 26 जून को शिमला जिले के कोटखाई का दौरा करेंगे। वे वहां पूर्व विधायक, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, शिमला ग्रामीण के जिलाध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-कोटखाई के अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे। जुब्बल-कोटखाई हलके में उपचुनाव होना है। वहां पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर वह भाजपा की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ राज्य स्तरीय किसानों के धरना प्रदर्शन में शामिल होंगे।इसके बाद वह रामपुर को रवाना होंगे, जहां वह पार्टी विधायक, वरिष्ठ नेताओं व ब्लॉक अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे। प्रदेश कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने बताया कि संजय दत्त 27 जून को किन्नौर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे वहां पार्टी विधायक, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, जिला अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि संजय दत्त 28 जून को कुल्लू जिले के आनी का दौरा करेंगे। वे आनी में कुल्लू जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं, ब्लॉक अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे वहां से  बंजार को रवाना होंगे। वहां जिलाध्यक्ष कुल्लू, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं व ब्लॉक अध्यक्ष बंजार के साथ बैठक करेंगे और फिर कुल्लू को रवाना होंगे। वे उसी दिन शाम को वहां 4 बजे से 6 बजे के बीच कुल्लू जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं व ब्लॉक अध्यक्ष कुल्लू के साथ बैठक करेंगे और फिर मनाली को रवाना होंगे। वे वहां रात को 7 बजे से 9.30 के मध्य जिला के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के अलावा जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष मनाली के साथ बैठक करेंगे।

संजय दत्त अगले दिन, यानी 29 जून को लाहौल-स्पीति के केलांग के दौरे पर रहेंगे। वे वहां लाहौल-स्पीति के पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं व ब्लॉक अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे और फिर वापस लौटेंगे। इसके बाद वे वहां से मंडी जिले के द्रंग को रवाना होंगे। वे वहां सायं 5.30 से 8.30 तक प्रदेश के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष, मंडी जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं, द्रंग ब्लॉक अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे और फिर सुंदरनगर को रवाना होंगे। 30 जून को सुबह 9 बजे से 12 बजे के मध्य सुंदरनगर के पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं व ब्लॉक अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह शिमला को रवाना होंगे। शिमला पहुंचने पर वह कांग्रेस मुख्यालय में 4 बजे से 5 बजे तक एनएसयूआई और फिर अल्पसंख्यक विभाग व सेवादल, महिला सेवादल व यंग ब्रिगेड सेवादल के साथ बैठक करने के बाद सोशल मीडिया विभाग से बैठक करेंगे। 1 जुलाई को वह राजीव भवन में अनुसूचित जाति के वरिष्ठ नेताओं व बाद में अनुसूचित विभाग के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद 10.30 से 12.30 तक महिला कांग्रेस व उसके बाद युवा कांग्रेस के साथ बैठक करने के बाद चंडीगढ़ को रवाना हो जाएंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *