शिमला। जलशक्ति व बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा है कि 4 हजार फीट से नीचे वाले क्षेत्र के लिए हिमाचल सरकार ने 1688 करोड़ का शिवा प्रोजेक्ट लाया है। इसके तहत विभिन्न प्रजातियों के सबसे अच्छे पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार द्वारा इन पौधों को कृषकों एवं बागवानों को मुफ्त में उपलब्ध करवाया जाएगा तथा इस प्रोजेक्ट के तहत सब्जी मंडियां भी बनाई जाएगी। वे शनिवार को शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में बोल रहे थे।
महेंद्र सिंह ने कहा कि उनका पहला जनमंच गानवी में था। इसमें लोगों ने क्षेत्र में आ रही समस्याओं से उन्हें अवगत करवाया था। उन्होंने बताया कि उस जनमंच की अधिकतर समस्याओं का निवारण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में 15-20 की सात पंचायतों के लोगों को पानी की समस्या आ रही थी, उसके लिए 9 करोड़ 11 लाख 40 हजार रुपए की लागत से पेयजल योजना इस क्षेत्र के लिए स्वीकृत करवाई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में मुख्यमंत्री के प्रवास के उपरांत इसका शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य निचली दीर्घा में रह रहे हर व्यक्ति तथा दूरदराज क्षेत्र में रह रहे लोगों को हर सुविधाएं मुहैया करवाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत हर व्यक्ति को सिंचाई के पानी की सुविधा उपलब्ध करवाना भी लक्ष्य रहेगा।
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि वे हिमाचल प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर पूरे प्रदेश में लोगों के जनहित तथा कल्याणकारी योजनाओं को तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने ज्यूरी में सीवरेज के लिए एसजेवीएनएल के अधिकारियों से बात करके इस क्षेत्र में सीवरेज की समस्या को पूर्ण करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने अपने प्रवास के दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनी तथा उनके निवारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं के निवारण को तत्परता से अधिकारी निदान करें। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को 15 दिन के भीतर समस्याओं का निपटारा करने के आदेश दिए।
इस अवसर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष रामपुर भीम सिंह ठाकुर, जिला महासु के महासचिव शशी भूषण श्याम, पूर्व प्रत्याशी प्रेम सिंह दरेग, मुख्य अभियंता जल शक्ति विभाग सुशील जस्टा, एसई जल शक्ति विभाग राजीव महाजन, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग रणबीर नेगी, एसडीएम रामपुर सुरेन्द्र मोहन, डीएसपी चन्द्र शेखर कायथ, जिला परिषद सदस्य नारायण वार्ड त्रिलोक भलूणी, उप-निदेशक उद्यान विभाग डीआर शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग संदीप तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय प्रधान, उप-प्रधान एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
महेंद्र सिंह ने किए कई उद्घाटन और शिलान्यास
महेन्द्र सिंह ठाकुर ने रामपुर उपमंडल के अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान लगभग 18 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। उन्होंने शनिवार को जल शक्ति विभाग के तहत रामपुर उपमंडल में लगभग 10 करोड़ रूपए के उद्घाटन किए तथा 95 लाख से अधिक की राशि के शिलान्यास किए। उन्होंने 1 करोड़ 63 लाख से अधिक की राशि की बहाव सिंचाई योजना निरसू ग्राम पंचायत दत्तनगर, 2 करोड़ 18 लाख 60 हजार रुपए से अधिक की राशि से निर्मित पेयजल योजना ग्राम समूह ज्यूरी, बघाल एवं शाहधार, 2 करोड़ 87 लाख रुपए से अधिक की लागत से बहाव सिंचाई योजना डवराच बट्ठारा तथा 2 करोड़ 20 लाख रुपए से अधिक की लागत से निर्मित सराहन रावीं का उद्घाटन किया, जबकि 95 लाख 25 हजार की राशि से बनने वाली पेयजल योजना ग्राम पंचायत फाँचा एवं गानवी का शिलान्यास किया।
