शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने प्रदेश में प्रस्तावित तीन उपचुनावों मंडी लोकसभा सीट, जुब्बल-कोटखाई व फतेहपुर विधानसभा सीट के उपचुनावों के दृष्टिगत बेहतर समन्वय तथा चुनावी तैयारियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व विधायकों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसके तहत शुक्ला ने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को इन हलकों में पर्यवेक्षक नियुक्त किया है और ये पर्यवेक्षक पार्टी सह प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे।
राजीव शुक्ला ने मंडी लोकसभा सीट के उपचुनाव में अखिल भारतीय कांग्रेस सचिव प्रभारी संजय दत्त व गुरकीरत सिंह कोटली को संयुक्त तौर पर पार्टी पर्यवेक्षकों नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक आशा कुमारी, सुखविंदर सिंह सुक्खू व प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
उधर, जुब्बल-कोटखाई विधानसभा उपचुनाव के लिए राजीव शुक्ला ने प्रदेश मामलों के सचिव प्रभारी संजय दत्त को पर्यवेक्षकों विधायक रामलाल ठाकुर, कर्नल धनीराम शांडिल, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हर्ष महाजन व विधायक हर्षवर्धन चौहान के साथ समन्वय स्थापित करने की जिम्मेवारी सौंपी है।
इसी तरह, शुक्ला ने प्रदेश मामलों के सचिव प्रभारी गुरकीरत सिंह को फतेहपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों पूर्व मंत्री जीएस बाली, चंद्र कुमार व प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष विधायक राजेंद्र राणा के साथ बेहतर समन्वय व चुनावी रणनीति की विचार विमर्श की जिम्मेदारी सौंपी है। राजीव शुक्ला ने प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा को इन चुनावों में बेहतर तालमेल व समन्वय बनाने में सभी नेताओं के साथ सहयोग करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
