शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने शुक्रवार को नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लालजी देसाई से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें प्रदेश कांग्रेस सेवादल की बीते डेढ़ साल की रिपोर्ट प्रस्तुत कर प्रदेश में कांग्रेस सेवादल की गतिविधियों के बारे में बताया।
अनुराग शर्मा ने लालजी देवाई को बताया कि प्रदेश कांग्रेस सेवादल ने इस दौरान कोविड–19 महामारी की पहली व दूसरी लहर में प्रदेशभर में जनसेवा के कार्य किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाले उपचुनावों व विधानसभा चुनाव मिशन 2022 में होने वाले चुनावों की तैयारियों के बारे में चर्चा कर आगामी रणनीति के बारे में अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लालजी देसाई को अवगत करवाया। उन्हें आश्वस्त किया कि प्रदेश कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक आगामी उपचुनावों व मिशन विधानसभा चुनाव 2022 के लिए दिनरात एक कर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
अनुराग शर्मा ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस सेवादल उत्तरी क्षेत्र के नवनियुक्त प्रभारी डा. अमरजीत सिंह से भी मुलाकात की। उन्हें भी प्रदेश कांग्रेस सेवादल की गतिविधियों से अवगत करवाकर आगामी उपचुनाव व मिशन विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस पार्टी की जीत के प्रति आश्वस्त किया।
