Spread the love

शिमला। माकपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टेलीविजन पर किए संबोधन को महिमामंडित करने पर भाजपा नेताओं को आड़े हाथों लिया है। माकपा ने कहा कि वैक्सीन को लेकर वे जनता को गुमराह करने स्वयं परहेज़ करें। सीपीआई (एम) ने कहा कि प्रधानमंत्री सहित उनकी पार्टी और भाजपा सरकारें वास्तविक टीकाकरण की संख्या बताने के बजाय जनता को आंकड़ों के मायाजाल में  उलझा रही है। उसका कहना था कि प्रधानमंत्री और सरकार डोज़ की संख्या गिनने के बजाय जनता को ये बताए कि कितने लोग पूरी तरह से वैक्सीनेट हो चुके हैं, क्योंकि अधूरी वैक्सीनेशन से न तो हर्ड इम्यूनिटी आ सकती है और न ही पूरी तरह सुरक्षा मिल सकती है।
माकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य डॉ. कुलदीप तंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अभी मात्र एक तिहाई आबादी को ही वैक्सीन की पहली डोज़ लगी है, जबकि 72 लाख की आबादी में केवल 4 लाख 35 हज़ार को ही दो डोज़ लग पाई हैं जो प्रदेश की कुल आबादी का 6 प्रतिशत ही होता है। वहीं, 18 से 44 साल की आबादी में केवल 3 प्रतिशत को ही पहली डोज़ लगी है और उसमें भी अधिकांश हिस्सा शहरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक अभी भी टीकाकरण की पहुंच नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि सीपीआई (एम) पहले भी यह मांग कर चुकी है कि वैक्सीन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और स्लॉट बुक करने की प्रक्रिया को बदला जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रणाली से प्रदेश के ग्रामीण युवा टीकाकरण से वंचित हुए हैं और आगे भी होते रहेंगे अगर बदलाव न किया गया।
माकपा नेता ने कहा कि लॉकडाउन खुलने के बाद किसान और मजदूर वर्ग कृषि-बागवानी और मज़दूरी के काम में लग जाएंगे और जोखिम बढ़ जाएगा। ऐसे में ज़रूरी है कि उनका टीकाकरण प्राथमिकता के आधार पर हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मुफ्त टीकाकरण की घोषणा करके जनता पर कोई अहसान नहीं कर रहे। ऐतिहासिक तौर पर टीकाकरण के लिए हमेशा केन्द्र सरकारें ही आर्थिक सहायता देती आई हैं। जबकि इस बार कोविड के लिए तो जनता के हर तबके ने केन्द्र और राज्य सरकारों के ख़ज़ाने में आर्थिक सहयोग भी किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के दोनों इंजन हांफ रहे हैं और भाजपा नेता बयानों की फूंक मारकर उन्हें गति देने की कोशिश में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और भाजपा नेता जनता को उलझाने के बजाए सच्चाई का सामना करें। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *