शिमला। सांसद राज्यसभा और राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय वित्त और काॅरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सोमवार को डाॅ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर और बिलासपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुमारवीं में 140-140 एलपीएम पीएसए संयंत्रों की आधारशिलाएं रखीं। प्रत्येक एलपीएम पीएसए संयंत्र से 30 बिस्तरों को ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि 23 फरवरी, 2021 तक राज्य में कोरोना के केवल 200 सक्रिय मामले थे, इसके उपरान्त कोरोना की दूसरी लहर ने राज्य को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि सौभाग्यवश प्रदेश की रिकवरी दर अब 89.3 प्रतिशत है, जिसमें पिछले कुछ दिनों में सुधार देखा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कोविड परीक्षण में तेजी लाने में कोई भी कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जब इस महामारी की शुरुआत हुई थी तब प्रदेश में कोविड जांच के लिए एक भी प्रयोगशाला उपलब्ध नहीं थी और प्रदेश सरकार ने तुरन्त ही आठ आरटी-पीसीआर, 25 ट्रूनेट और दो सीबीनेट प्रयोगशालाएं स्थापित कीं। दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड परीक्षणों में तेजी लाने के लिए सरकार ने विभिन्न जिलों में लगभग 70 एम्बुलेंस तैनात की हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि एक मार्च, 2021 तक राज्य में 440 बिस्तरों की क्षमता और 32 आईसीयू/वेंटीलेटरयुक्त बिस्तरों वाले केवल 11 समर्पित कोविड अस्पताल/समर्पित कोविड चिकित्सा केन्द्र थे, लेकिन सरकार ने अब लगभग 3500 बिस्तरों की क्षमता और 250 से अधिक आईसीयू/वेंटीलेटरयुक्त बिस्तरों वाली 46 अतिरिक्त सुविधाएं सृजित की हैं। प्रदेश में अब लगभग 4000 बिस्तर और 290 आईसीयू/वेंटीलेटरयुक्त बिस्तरों वाले 57 समर्पित कोविड अस्पताल/समर्पित कोविड चिकित्सा केन्द्र हैं। उन्होंने कहा कि जिला मंडी के खलियार, जिला कांगड़ा के परौर और सोलन में तीन मेकशिफ्ट अस्पतालों की स्थापना से अब बिस्तरों की क्षमता बढ़कर 5000 हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डी-टाइप सिलेंडरों की वर्तमान संख्या लगभग 7755 है और राज्य में 2328 बी-टाइप सिलेंडर भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में 15 किलोलीटर की लिक्विड ऑक्सीजन क्रायो सुविधा उपलब्ध है और आईजीएमसी में लगभग 350 डी-टाइप की क्षमता वाली एक एयर सेपरेशन यूनिट (एएसयू) सुविधा को कार्यान्वित किया गया है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा गत दिवस आईजीएमसी शिमला में 20 किलोलीटर क्रायोजेनिक टैंक की एलएमओ सुविधा का उद्घाटन किया गया है। पीएसए संयंत्र पिछले कुछ महीनों में राज्य के संसाधनों में जोड़े गए हैं, जो अब डाॅ. वाईएसपीजीएमसी नाहन, पंडित जेएलएनजीएमसी चंबा, डाॅ. आरकेजीएमसी हमीरपुर, जेडएच धर्मशाला, डीडीयू शिमला और एसएलबीएसजीएमसी नेरचौक में क्रियाशील हैं। उन्होंने कहा कि एमसीएच जेडएच मंडी और सीएच पालमपुर में 1000 एलपीएम के दो पीएसए संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में लोगों को टीकाकरण की लगभग 23.59 लाख खुराकें उपलब्ध करवाई गयी हैं। वैक्सीन के शून्य प्रतिशत वेस्टेज करने वाले देश के कुछ राज्यों में से हिमाचल प्रदेश एक है। उन्होंने इस महामारी से निपटने के लिए केंद्रीय वित्त एवं काॅरपोरेट मामले राज्यमंत्री द्वारा प्रदेश को दिए गए उदार योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार ने अपने वर्तमान कार्यकाल के दो वर्ष और कुल सात वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। यह कार्यकाल देश के लोगों के लिए वरदान साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व शक्ति और विश्व गुरु के रूप में उभरा है।केन्द्रीय वित्त एवं काॅरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने राष्ट्रीय भाजपाध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का स्वागत करते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय भाजपाध्यक्ष के प्रयासों से संभव हो पाया है कि पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी ने कोविड-19 मरीजों और उनके परिवारों की यथासंभव सहायता की। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की शुरूआती समय में देश में एक भी पीपीई किट का उत्पादन नहीं होता था, जबकि आज देश में प्रतिदिन 20 लाख पीपीई किट का उत्पादन हो रहा है। उन्होंने कहा कि देशवासियों को कोविड वैक्सिन की 23 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ऑक्सीजन बैंक स्थापित किया जाएगा, जिससे 700 बिस्तरों को निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भाजपाध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा इस ऑक्सीजन बैंक के लिए 108 ऑक्सीजन कन्संट्रेटरों और 160 ऑक्सीजन सिलेंडरों पहली खेप रवाना करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने इस अवसर पर धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। प्रदेश भाजपाध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह-प्रभारी संजय टंडन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिन्द्र गर्ग ने कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जबकि विधायक झंडूता जेआर कटवाल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी मुख्यमंत्री के साथ शिमला में उपस्थित रहे।
