Spread the love

शिमला। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मोदी सरकार के 7 साल सुधारों और उपलब्धियों भरा रहा है। पिछले कई दशकों से अटके बहुत से ऐसे काम पिछले इन 7 सालों में हुए हैं, जिनकी कुछ वर्षों पहले कल्पना भी कठिन थी। उन्होंने कहा कि धारा 370 और 35ए के निरस्त होने से भारत संघ के साथ जम्मू-कश्मीर तथा लेह और लद्दाख का पूर्ण एकीकरण, अयोध्या पर सर्वोच्च न्यायालय का फ़ैसला व श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन हुआ है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों जैसे रक्षा स्टाफ प्रमुख की स्थापना, ट्रिपल तलाक अधिनियम के माध्यम से मुस्लिम महिलाओं का सशक्तिकरण, सीएए के माध्यम से धार्मिक उत्पीड़न से मुक्ति, बोडो समझौता और मिशन जल शक्ति की स्थापना, आर्थिक मोर्चे पर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के समेकन और पुनर्पूंजीकरण, कॉर्पोरेट कर की दर में ऐतिहासिक कमी, कंपनी अधिनियम के तहत 14,000 अभियोगों को वापस लेने, फेसलेस आकलन, विवाद से विश्वास योजना और दिवाला दिवालियापन कोड के सुदृढ़ीकरण से व्यापक वित्तीय स्थिरता और पारदर्शिता मजबूती आई है। उन्होंने कहा कि इनमें से कई फ़ैसले ऐसे हैं जो पिछले 70 सालों में राजनीतिक अस्थिरता, इच्छाशक्ति की कमी या तुष्टिकरण की राजनीति को देखते हुए नहीं लिए गए थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को सशक्त, समर्थ व निर्णायक सरकार दी, जिस से वर्षों के अभिशाप से देश मुक्त हुआ है और इसके लिए वे प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि इन 7 वर्षों में नरेंद्र मोदी ने देशहित को सर्वोपरि रखकर अपने दृढ संकल्प और सर्वस्पर्शी व कल्याणकारी नीतियों से गरीब, किसान व वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उनके जीवन को बेहतर बनाया है। 

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि पिछले 7 साल से देश की जनता ने नरेंद्र मोदी की सेवा और समर्पण पर निरंतर अपना अटूट विश्वास जताया। उन्होंने विश्वास जताया कि कि नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में हम हर चुनौती पर विजय प्राप्त कर भारत की विकास यात्रा को अनवरत जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि देश का प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी ने राजसत्ता की परिभाषा ही बदल दी है। पारदर्शी नीति और जनहितकारी कार्यों से देश के जनमानस में राजनीतिक विश्वास का वातावरण निर्मित हो सका। उनका कहना था कि 2019 के लोकसभा चुनाव परिणाम में पहले से ज्यादा सीटों पर भाजपा की जीत उसी का नतीजा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत ही चुनौतियों से हुई है, लेकिन ईमानदार सोच और राष्ट्र हित की भावना रखने वाले प्रधानमंत्री ने चुनौती को अवसर के रूप में लिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *