Spread the love
शिमला। शिमला नागरिक सभा ने कोविड महामारी के चलते शिमला शहर में सेनिटाइज़ेशन अभियान शुरू किया है। अभियान की शुरुआत संजौली उपनगर के चलौंठी क्षेत्र से की गई जहां पर घर-घर जाकर छिड़काव किया गया व क्षेत्र को अच्छी तरह से सेनीटाइज़ किया गया। अभियान के दौरान नागरिक सभा सचिव कपिल शर्मा, बलबीर पराशर, बाबू राम, संजीव खजुरिया, अनिल ठाकुर, गगन कुमार, नीतीश राजटा, तपन कुमार आदि मौजूद रहे। नागरिक सभा ने ऐलान किया है कि यह सेनीटाइज़ेशन अभियान शिमला शहर के सभी 34 वार्डों में आयोजित किया जाएगा।
नागरिक सभा अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, सचिव कपिल शर्मा, उपाध्यक्ष बलबीर पराशर, संजीव खजुरिया, सचिव बाबू राम व अनिल ठाकुर ने कहा है कि कोविड महामारी के मध्यनजर सेनीटाइज़ेशन अभियान हर रोज़ चलेगा व शिमला शहर के सभी चौंतीस वार्डों में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही नागरिक सभा के सदस्य कोविड पॉजिटिव नागरिकों के घर पर पहुंचकर उन्हें सैनिटाइजर, दस्ताने व विटामिन सी जैसे जरूरी सामान पहुंचाने की भी कोशिश करेंगे। अगर शहर में किसी कोविड पॉज़िटिव मृत व्यक्ति के दाह संस्कार में कोई भी दिक्कत आती है तो नागरिक सभा के सदस्य इस कार्य के लिए भी हर वक्त मौजूद रहेंगे।
नागरिक सभा ने जिला व स्थानीय प्रशासन से भी आग्रह किया कि वह नागरिक सभा के कार्यकर्ताओं की सेवाएं बेझिझक लेने के लिए कभी भी नागरिक सभा कार्यकर्ताओं से सम्पर्क करने के लिए पूर्णतः स्वतंत्र हैं व जब मर्ज़ी इस नेक कार्य में नागरिक सभा के साथियों को शामिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शहर के नागरिकों की सुविधा हेतु एक दिन के भीतर शिमला नागरिक सभा के कार्यकर्ताओं की हेल्पलाइन जारी कर दी जाएगी। इस हेल्पलाइन के ज़रिए जरूरतमंद व्यक्ति नागरिक सभा कार्यकर्ताओं से सम्पर्क कर सकते हैं व जिस भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता पड़ेगी, उसे नागरिक सभा कार्यकर्ता पहुंचाने का हर सम्भव प्रयास करेंगे। उन्होंने शिमला शहर के नागरिकों से अपील की कि वे नागरिक सभा के इस अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लें, ताकि शिमला शहर में कोविड महामारी के दौर में कोई भी व्यक्ति बिना सहायता के न रहे व सभी की जान की हिफाज़त की जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *