शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कोरोना महामारी के चलते प्रदेश के सभी कांग्रेस जिलाध्यक्षों व ब्लॉक अध्यक्षों से अपने-अपने जिलों व ब्लॉकों में गांधी हेल्पलाइन के तहत ”मेरा शहर- मेरा दायित्व” व ”मेरा गांव-मेरा दायित्व” कार्यक्रम को जल्द व प्रभावी ढंग से शुरू करने को कहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों की इस कार्यक्रम के क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने को कहा गया है।
राठौर ने इस संदर्भ में पार्टी के सभी विधायकों, पूर्व विधायकों, पदाधिकारियों को एक पत्र लिखकर कोरोना महामारी के दौरान कोरोना योद्धाओं को प्रोत्साहित करने व कोरोना से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करने को कहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना के इस दौर में बिजली, पानी, सफाई कर्मी, पुलिस, होमगार्ड, डाक कर्मी, बैंक कर्मी, आशा वर्कर, प्रेस कर्मी जो भी इस दौर में जनसेवा में लगे हैं। कांग्रेस उन सभी को प्रोत्साहित करते हुए उनका सम्मान करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने इस अभियान का संयोजक कांग्रेस सचिव सुशांत कपरेट को बनाया है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने आज यहां बताया कि कांग्रेस अखिल भारतीय स्तर पर देश के लोगों को कोरोना महामारी से सुरक्षा के लिए एक बड़ा अभियान शुरू कर रही है।प्रदेश में यह अभियान पिछले दिन राजधानी के संजौली उपनगर में प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने विधिवत तौर पर शुरू कर दिया है। अब यह अभियान प्रदेश के सभी जिलों, ब्लॉकों, पंचायतों व गांव में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा चलाया जाएगा।
