Spread the love

शिमला। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने हिमाचल के कांग्रेस नेताओं पर कोरोना महामारी के इस संकटकाल में राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह महामारी इस प्रदेश या देश की नहीं, अपितु पूरी दुनिया में फैली है और जिस का मुकाबला करने में बड़े-बड़े देशों की सरकारें भी असफल साबित हुई है, लेकिन भाजपा का मानना है कि इस महामारी का मुकाबला सरकार और समाज एकजुट होकर ही कर सकता है। 
रणधीर शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार से कांग्रेस पार्टी के नेता आए दिन इस महामारी को लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार को दोषी ठहरा रहे हैं, वह उनकी संकुचित मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेसी नेता पहले कांग्रेस शासित राज्यों के हालात पर नजर दौड़ाएं, उसके बाद हिमाचल एवं केंद्र के बारे में बयानबाजी करें। उन्होंने कहा कि पंजाब, राजस्थान एवं छत्तीसगढ़ के औसत मामले हिमाचल प्रदेश से ज्यादा हैं और इन प्रदेशों की हालत खराब है और कांग्रेस के नेता हिमाचल को कोसते हैं, जोकि गलत है। ऐसे में कांग्रेस के नेताओं को कोई बयान देने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
रणधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार शुरू से ही हर संभव कोशिश कर रही है कि कोरोना महामारी की इस दूसरी लहर के कहर से जनता को कैसे बचाया जा सके। इसके लिए स्वयं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, जिला मुख्यालयों तक खुद जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं  और प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्थिति अनुसार दिशा निर्देश भी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कहीं कोई ऑक्सीजन की कमी नहीं आ रही है और संक्रमित व्यक्तियों के लिए बेड भी उपलब्ध है, यह सरकार की दूरदर्शिता का परिचय देता है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 5 हजार बेड की व्यवस्था प्रदेश सरकार कर चुकी है। यह प्रदेश की दूरगामी सोच और इस महामारी से लड़ने के दृढ़ निश्चय को दर्शाता है। उन्होंने कहा आज ऑक्सीजन के नए प्लांट हर मेडिकल कॉलेज में, हर जिला मुख्यालय में लग रहे हैं और इसके लिए केंद्र सरकार भी पूरा सहयोग दे रही है। 
प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि मेकशिफ्ट हॉस्पिटल समय रहते ही सरकार ने बनवा लिए थे जो आज उपयोग में आ रहे हैं। इसलिए कांग्रेसी नेताओं को आलोचना करने की अपनी नीति छोड़ कर सहयोग करना चाहिए और समाज को जागृत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने समय-समय पर जनता को जागृत करने का काम भी किया है और पाबंदियां लगाकर इस महामारी से लोगों को बचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता है कि सभी राजनीतिक दल, सामाजिक संस्थाएं एवं धार्मिक संगठन अपने मतभेद भुलाकर एकजुट होकर इस महामारी के खिलाफ लड़ें और जनता को जागरूक करें, ताकि इस महामारी से बचा जा सके। 
रणधीर शर्मा ने कहा कि देश में ऑक्सीजन की कमी ना हो, इसलिए हर जिला मुख्यालय पर ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। साथ ही विदेशों से भी ऑक्सीजन मंगवा कर जनता को मुहैया कराया जा रहा है। यही नहीं, केंद्र सरकार के प्रयास से हमारे वैज्ञानिकों ने बहुत ही कम समय में कोविड-19 वैक्सीन तैयार कर ली थी। आज हमारे कोरोना योद्धाओं एवं 45 साल से ऊपर के हर व्यक्ति को वैक्सीनेशन मुफ्त में लग गई है और जल्द ही 18 से 44 साल के युवाओं को भी यह वैक्सीन मुफ्त लगने जा रही है और ऐसी घोषणा प्रदेश सरकार भी कर चुकी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *