शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर पहले से ज्यादा खतरनाक एवं भयंकर है, इसमें हम सभी को ज्यादा ख्याल रखकर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि दूसरी लहर के तेजी से फैलने को देखते हुए संगठन की सेवा फेस-2 का कार्य भाजपा ने प्रारंभ कर दिया है। इसमें महिला मोर्चा की अग्रिम भूमिका रहने वाली है। वे शुक्रवार को यहां भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक की अध्यक्षता महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने की। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा एवं महिला मोर्चा के प्रभारी राम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सुरेश कश्यप ने कहा कि जिस प्रकार से फेस -1 में महिला मोर्चा ने 55 लाख से अधिक मास्क बनाकर वितरण किए थे और भारत में एक उदाहरण के रूप में उभर कर सामने आई थी, उसी प्रकार फेस-2 में भी महिला मोर्चा अधिक से अधिक संख्या में फेस कवर बनाकर वितरण करेगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य में 2017 के प्रत्याशी, चुने हुए प्रतिनिधि, सरकार में चेयरमैन एवं वाईस चेयरमैन एवं भाजपा के पदाधिकारी महिला मोर्चा का सहयोग करेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस बार भी भाजपा भोजन, दवाई, काढ़ा एवं सैनिटाइजर वितरण का कार्य में विशेष रूप से ही करेगी। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के सभी सदस्य कोविड-19 से संक्रमित हो गए हैं, उनकी सेवा में भाजपा अग्रिम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा ने 17 जिला स्तर के अपने सभी हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी को लेकर जो भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, उसको महिला मोर्चा दूर करेगी। उन्होंने कहा कि जन सेवा में भी महिला मोर्चा अग्रिम भूमिका में रहेगा और हैल्प डेस्क लगाने का कार्य कर लोगों को वेक्सीन लगाने को प्रेरित किया जाएगा। इन सभी कार्यों में चुने हुए जनप्रतिनिधि सरकार के चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन भी बढ़-चढ़कर सहयोग करेंगे।
