Spread the love

शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिन्दल ने कहा है कि इस संकट की घड़ी में जब पूरी दुनिया इस महामारी से जूझ रही है, वहीं भारत ने एक बहुत अच्छी मिसाल कायम की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अभी तक भारत दुनिया में बेहतर स्थिति में दिखाई पड़ता है, लेकिन यह तभी संभव है जब देश का प्रत्येक नागरिक सरकार का सहयोग दे। उन्होंने कहा कि भाजपा इस संकट की घड़ी में पूरी सक्रियता, निष्ठा के साथ जनसेवा में लगी हुई है। 

डॉ. बिंदल ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पूरे देश में और वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आदेश किया कि मेरे प्रदेश में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोएं। जहां सरकार ने राशन की व्यवस्था की, वहीं हमारा कार्यकर्ता हर मोर्चे पर खड़ा रहा और उसने एक-एक व्यक्ति की चिंता की। महिला मोर्चा ने कपड़ों के मास्क बनाए और लोगों में वितरित किए। प्रधानमंत्री राहत कोष, मुख्यमंत्री राहत कोष में छोटा-छोटा अंशदान दिया, ताकि उसमें समाज की सहभागित हो। हमने बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के माध्यम से ताना-बाना बुना। 300 से अधिक वीडियो कांफ्रेंस करके 15 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को वीडियो काॅन्फ्रेंस से जोड़ा, जिसका परिणाम हुआ कि लगभग 36 हजार कार्यकर्ताओं ने लगभग 16 लाख फेस कवर मास्क बांटे हैं व 95 हजार मोदी राशन किटे, 4 लाख भोजन के पैकेट, लगभग 6.50 करोड़ रूपए मुख्यमंत्री राहत कोष तथा 1 करोड़ 65 लाख के लगभग प्रधानमंत्री राहत कोष में अंशदान इकट्ठा करके आनलाईन व चैक के माध्यम से भेजा। 

डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल के जो लोग पिछले 40-45 दिनों से अपने घरों से बाहर थे और जो अपने घर आना चाहते थे, उनको लाने का क्रम शुरू हुआ है। उनको प्रदेश सरकार परमिशन दे रही है, हजारों लोग आ रहे हैं, सरकार उनकी चिंता कर रही है। बाॅर्डर पर उनकी चैकिंग हो रही है। जो भी लोग बाहर से आ रहे हैं वे होम क्वरनटाईन करें और नियमों का पालन करें। पिछले दिनो में मनरेगा की एक्टिविटी शुरू हुई है। लोक निर्माण विभाग सहित कुछ अन्य विभागों में तथा शहरी क्षेत्रों से हटकर अन्य जगहों पर कार्य शुरू हुआ है, जिससे मजदूरों को काम मिलना शुरू हो चुका है। 

विपक्ष सबकुछ देखकर भी कर रहा अनदेखा – डॉ. बिंदल 

डाॅ. बिन्दल ने कहा कि कई बार ऐसा लगता है कि विपक्ष के लोग सबकुछ देखकर भी अनदेखा कर रहे हैं। पूरे देश के लोग हिमाचल प्रदेश को फोलो करना चाहते हैं और विपक्ष कहता है कि सरकार की तैयारी नहीं है। प्रत्येक अस्पताल में कोविड वार्ड बना हुआ है, वो कहते हैं तैयारी नहीं है, हमारे प्रदेश में 40 में से 39 मरीज ठीक होते हुए दिखाई दे रहे हैं और वो कहते हैं कि तैयारी नहीं है। आज हम कोरोना फ्री की स्थिति में खड़े है और वे कहते हैं कि तैयारी नहीं है। अब जब प्रदेश में बाहर से लोग आने शुरू हुए हैं तो कहते हैं कि हमारी वजह से आ रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कहते थे कि बाहर से लोगों को प्रदेश में शीघ्र वापस लाना चाहिए और अब जब लोगों का प्रदेश में आना शुरू हुआ तो कहते हैं कि प्रदेश की स्थिति गड़बड़ हो जाएगी।

एक भी मरीज वैंटिलेटर पर नहीं

 भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जहां तक वैंटिलीटर की बात है तो आज हमारे पास एक भी मरीज ऐसा नहीं है जिसे वैंटिलीटर की जरूरत है। फिर भी हमारे पास 100 से अधिक वैंटिलीटर हैं। अगले वैंटिलीटर की खेप आ रही है, लेकिन केवल वैंटिलीटर का नाम लेकर सरकार की सारी उपलब्धियों को शून्य कर दें, यह उचित नहीं है। जो लोग बाहर से आ रहे हैं उनकी चैकिंग हो, वो भी अनुशासन में रहे। गांव के पंच, प्रधान, सरपंच, लोग उनको समझाएं कि आप होम क्वरनटाईन करें और यदि कोई लक्षण आए तो तुरंत अस्पताल जाकर अपनी जांच करवाएं। उन्होंने प्रतिपक्ष से अपील की कि इस संकट की घड़ी में दलगत राजनीति से उपर उठकर इस महामारी से लड़ने प्रदेश सरकार का सहयोग करें और निराधार बयानबाजी करने से परहेज करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *