शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा ने धर्मशाला एवं मंडी में अपने महापौर एवं उप महापौर को जिता कर भगवा परचम लहरा दिया है। उन्होंने कहा कि मंडी में दोनों महापौर दीपाली जसवाल एवं उप महापौर वीरेंद्र भट्ट निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। वहीं, धर्मशाला में महापौर पद पर ओंकार नैहरिया निर्विरोध जीते। धर्मशाला में उपमहापौर पद पर भाजपा के सर्वचन्द गलोटिया को 11 मत और कांग्रेस को 6 मत प्राप्त हुए।
सुरेश कश्यप ने कहा कि इन नगर निगम चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत प्राप्त हुआ है। अब धर्मशाला नगर निगम कांग्रेस मुक्त हो गई है और भाजपा धर्मशाला में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। भाजपा एक ऐसा राजनीतिक दल है जो विकास में विश्वास रखता है। जहां भी भाजपा जीत कर आई है वहां विकास धरातल पर तेज गति से हुआ है। इसी प्रकार, नवगठित नगर निगम मंडी में भाजपा अब विकास के नए आयाम स्थापित करेगी और मंडी को पर्यटन की दृष्टि से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाया जाएगा।
कश्यप ने कहा कि प्रदेश में जयराम ठाकुर सरकार अच्छा कार्य कर रही है और उनकी बनाई नीतियों को जनता ने सरहाया है। उनका कहना था कि जिस प्रकार से कांग्रेस पार्टी जनता को इन चुनावों में गुमराह करने का प्रयास कर रही थी और ग्रामीण क्षेत्रों में भर्तियां फैलाने का प्रयास कर रही थी, उसमें कांग्रेस पार्टी नाकाम सिद्ध हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा राजनीतिक दल है, जिसमें जो वायदे किए जाते हैं उनको पूरा भी किया जाता है। अब नगर निगम के तहत आए ग्रामीण क्षेत्र भी विकास की अविरल धारा का भाग बनेंगे। उन्होंने कहा की आने वाले फतेहपुर विधानसभा के उपचुनाव एवं मंडी लोकसभा के उपचुनाव में भाजपा भारी बहुमत हासिल करने जा रही है, जनता का रुख भाजपा की ओर है।
