Spread the love

कुल्लू। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा है कि मनाली विधानसभा क्षेत्र के तहत वामतट सड़क पर विभिन्न सात पुलों के निर्माण पर 18.13 करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है। इन पुलों में 2.18 करोड़ का काइस पुल, 1.39 करोड़ का सजला नाला पुल, 1.48 करोड़ का राऊगी नाला पुल, 1.28 करोड़ की लागत से प्रीणी पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि 1.70 करोड़ की लागत से छाकी नाला पुल, 2.30 करोड़ से जगतसुख पुल व 1.80 करोड़ की लागत वाले हरिपुर पुलों का निर्माण प्रगति पर है। इन पुलों को भी जल्द लोकार्पित किया जाएगा। वे सोमवार को मनाली के जगतसुख में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वामतट के अनेकों गांवों को इन पुलों के निर्माण से सुविधा मिली है। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र में बीते तीन सालों में आशातीत सुधार किया गया है। रामशिला-रायसन-ब्यास तट 40 किलोमीटर लंबी सड़क के विस्तार व इसे पक्का करने का कार्य प्रगति पर है और इस पर 19 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। पीएमजीएसवाई में सोजल तांदुला नई सड़क का निर्माण तथा सोलंग नाला गांव को सड़क से जोड़ने का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सौंपी सड़कों व पुलों के अलावा सरकारी भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिशा निर्देश दिए। 
गोविंद ठाकुर ने कहा कि जगतसुख को 400 केवीए की अतिरिक्त लाईन दी गई है, जिस पर 9.84 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। पंचायत में जल जीवन मिशन के तहत 414.88 लाख के कार्य स्वीकृत हुए हैं। इसमें से 95 लाख रुपए के कार्य शुरू कर दिए गए हैं। मिशन के तहत 976 कनेक्शन स्वीकृत हैं, जिसमें से 825 स्थापित किए जा चुके हैं। 
इस मौके पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर ने कहा कि सरकार ने बीपीएल परिवारों की बेटियों के लिए मुख्यमंत्री शगुन योजना चलाई है। इसके तहत विवाह के लिए बेटियों को 31 हजार रुपए की धन राशि प्रदान की जा रही है। बीपीएल परिवारों को दो बेटियों के जन्म पर 21 हजार रुपए की एफडी भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि पात्र लोग सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ उठाएं। 
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रधान बुध राम और वरिष्ठ कार्यकर्ता रोशन लाल शर्मा ने मेहमानों का स्वागत किया। उन्होंने मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर से पीएचसी को अपग्रेड कर सीएचसी बनाने की मांग की। उन्होंने चचौहली ऐतिहासिक मेले को जिला स्तरीय करने की मांग भी उठाई। इस मौके पर मनाली मंडल अध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, महामंत्री ठाकुर दास, जिला महामंत्री अखिलेश कपूर एसडीएम मनाली रमन घरसंगी, ग्राम पंचायत प्रधान बुद्ध राम, उपाध्यक्ष खुशाल शर्मा, जिला परिषद मीना ठाकुर, बीडीसी तीर्थ राम, ग्राम कमेटी प्रधान प्यारे लाल कायस्थ, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता रोशन लाल शर्मा मौजूद रहे।

टैक्सी यूनियन से की मुलाकात
शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने टैक्सी यूनियन मनाली के नव निर्वाचित पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हर्ष का विषय है कि टैक्सी यूनियन मनाली पर्यटकों को बेहतर सुविधा प्रदान कर रही है। उन्होंने यूनियन के समस्त सदस्यों से अपील है कि आप पर्यटकों को सुविधा प्रदान करने के साथ साथ कोविड के नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

टीका उत्सव में लिया भाग
गोविंद सिंह ठाकुर ने नागरिक अस्पताल मनाली में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए गए ”टीका उत्सव” के तहत कोविड का टीका लगाने आए लोगों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वयं, परिवार और समाज की सुरक्षा के लिए नजदीकी टीकाकरण केंद्र में यथाशीघ्र कोविड का टीका अवश्य लगाएं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *