Spread the love
मंडी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने नगर निगम मंडी में भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया और बैहना, तल्याडा एवं थानैडा में सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने मंडी नगर निगम क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में भाजपा की मोदी सरकार और प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की भाजपा सरकार है और अब मंडी नगर निगम में सभी भाजपा प्रत्याशियों को मंडी के संपूर्ण विकास के लिए जिताना है।
कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी भी विकास नहीं करती, केवल विकास के नाम पर राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्र जो नगर निगम क्षेत्र में जोड़े हैं, उनमें और तेज़ गति से विकास होगा। अब मंडी को केंद्र सरकार से कहीं ज़्यादा मदद मिलेगी, जिससे मंडी में हो रहे विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखती है। भाजपा का एक-एक वायदा पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि अब मंडी को पानी की समस्या से निजात मिलेगी। मुख्यमंत्री द्वारा 100 करोड़ की पार्किंग का शिलान्यास किया है, जिससे मंडी को पार्किंग की समस्या खत्म होगी। वहीं, मंडी के हर वार्ड को एम्बुलेंस रोड मिलेंगे। साथ ही 70 करोड़ की लागत से ग्रामीण क्षेत्र को सिवरेज की योजना प्राप्त हुई है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि मंडी को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बनाया जा रहा है। यहां 150 करोड़ रुपए की लागत से शिव धाम एवं मंडी में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मंडी के विकास को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि मंडी को एनडीआरएफ की बटालियन मिली है, जो कि मंडी क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी के बेटे है, जिन्होंने मंडी को नगर निगम का दर्जा दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार का राजनीतिक दल नहीं है अपितु कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। उन्होंने कहा कि जब-जब कांग्रेस सत्ता में आई है तब-तब भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा है। जब से भाजपा का शासन आया है, तब से भ्रष्टाचार का नामोनिशान समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि 7 अप्रैल को मंडी में भी हमारा महापौर और उपमहापौर होगा। जनता का रुख भाजपा के पक्ष में है। कार्यक्रमों में तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल व बल्ह से भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *