शिमला। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत तृप्ता कुमारी ठाकुर को हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। बता दें कि अभी जैनब चंदेल महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं और उन्हें कुछ समय पहले ही सरकार में जिम्मेदारी मिली है। इस नियुक्ति के बाद महिला कांग्रेस में नई अध्यक्ष की नियुक्ति की संभावना जताई जा रही थी और अब तृप्ता ठाकुर के रूप में संगठन को कार्यकारी अध्यक्ष मिली है।
तृप्ता ठाकुर वर्तमान में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस में राष्ट्रीय समन्वयक के पद पर कार्यरत हैं और अब वे नई जिम्मेदारी के साथ प्रदेश संगठन की कमान भी संभालेंगी। अलका लांबा के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उनकी यह नियुक्ति नए अध्यक्ष की अंतिम घोषणा तक प्रभावी रहेगी। बिलासपुर जिले के सदर तहसील के गांव बरोग की रहने वाली तृप्ता ठाकुर लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके अनुभव और संगठनात्मक पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है।
