Spread the love

महिलाओं के प्रति पुरूषों को अपना दृष्टिकोण बदलना होगा – विद्या नेगी

महिला अधिकारों पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग की ओर से बुधवार को शिमला के गंज बाजार में महिला अधिकारों को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

महापौर सुरेंद्र चौहान ने इस मौके पर कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है जहां पर महिलाओं ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित न की हो। महिलाएं जो कहती हैं वो करके दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकारों ने अनेकों कानूनों को लागू किया है ताकि महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा हो सके, लेकिन आज भी समाज में महिलाओं के प्रति उत्पीड़न के मामले हर रोज सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए विभिन्न कल्याण कारी योजनाएं लागू कर चुका है। हर महिला को योजनाओं के बारे में जानकारी होना जरूरी है। महिलाओं को अपने खिलाफ हो रहे अन्याय पर चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि अन्याय के खिलाफ लड़ना चाहिए।

महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने इस मौके पर कहा कि महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा होना बेहद जरूरी है, लेकिन उससे अधिक जरूरी है महिलाओं को अपने अधिकारों के बारे में पूर्ण रूप से जानकारी होना। अगर अधिकारों के बारे में ज्ञान ही नहीं होगा तो अपने हक के लिए आवाज ही नहीं उठा पाएंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों को सुरक्षित करने वाले कानूनों के बारे में भली भांति ज्ञान होना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुरूषों को महिलाओं के प्रति अपना दृष्टिकोण बदलना होगा। महिलाएं केवल शोषणं प्रताड़ना के लिए नहीं है। महिलाओं का भी स्वाभिमान होता है। महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक सशक्तिकरण को लेकर संवेदनशील रहना चाहिए। महिला और पुरुष एक समान है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को एक समान अवसर एवं एक समान जिम्मेवारी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को किसी भी प्रकार की मदद चाहिए हो तो महिला आयोग से सीधे संपर्क कर सकती हैं। 

महिला आयोग की सदस्य रीना दरोच ने सामाजिक न्याय को लेकर विस्तृत जानकारी रखी। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरवीर सिंह ठाकुर ने महिला उत्पीड़न के खिलाफ जुड़े कानूनों के बारे में जानकारी रखी। वहीं, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. तहसीम ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी रखी। जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस ममता पाॅल ने वन स्टाॅप सेंटर के बारे में जानकारी दी। लाॅ आफिसर यशपाल शर्मा ने महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में सूचना रखी।

महिला आयोग की सदस्य सचिव बुश्रा अंसारी ने अपने स्वागत भाषण में आयोग के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों की संक्षिप्त जानकारी रखते हुए कहा कि प्रदेश भर में महिलाओं के अधिकारों और महिलाओं के जुड़े कानूनों के लेकर प्रभावी तरीके से कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में उप महापौर उमा कौशल, पार्षद सुषमा कुठियाला, पार्षद विनोद भाटिया सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed