Spread the love

शिमला। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सोमवार को शिमला जिला में मानसून के चलते हो रही भारी बारिश से हुए नुकसानों की समीक्षा की। जिला के सभी उपमंडल दण्डाधिकारियों के साथ उपायुक्त ने फोन के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों के बारे में जानकारी हासिल की। 

उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि मानसून के चलते 24 घंटे अपने-अपने उपमंडल में रेस्क्यू और प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी करेंगे। आपदा के समय प्रशासन कम से कम समय में राहत कार्यों को अमलीजामा पहनाने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में अधिक नुकसान होने की संभावना है वहां पर पहले से मशीनरी की तैनाती की जाएं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश की वजह से 1 सितंबर 2025 को जिला में 04 लोगों की मौत हुई है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला में सभी एसेंशियल सर्विस स्टाफ राहत कार्यों में सक्रियता से कार्य कर रहा है। अधिकारी स्वयं फील्ड में प्रभावित क्षेत्र में निगरानी कर रहे है।

6 मुख्य मार्ग, 261 लिंक रोड बंद

जिला शिमला में 1 सितंबर को 6 मुख्य मार्ग बंद रहे, जबकि 261 लिंक रोड पूरी तरह बंद रहे। 722 डीटीआर में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है और 278 पेयजल योजनाएं भी भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसमें शिमला ग्रामीण में दो लिंक रोड, सुन्नी उपमंडल में 6 लिंक रोड, कोटखाई में 50 लिंक रोड, ठियोग में 87 रोड, चौपाल में 15 लिंक रोड, रोहड़ू में 8 रोड़, रामपुर में 20, कुमारसेन में 24, डोडरा क्वार में 01, कुपवी में 8 और जुब्बल में 40 लिंक रोड बंद है।

मानसून में सेब यातायात न हो प्रभावित, सभी बाधित मार्ग जल्द करें बहाल 

उपायुक्त ने सेब यातायात को बेहतर संचालन को लेकर भी सभी उपमंडल दण्डाधिकारियों को दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मानसून में कोई मार्ग बाधित न हो जिससे सेब यातायात प्रभावित हो। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को बाधित मार्गों को जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिये। 

पानी और बिजली आपूर्ति न हो प्रभावित 

उपायुक्त ने बारिश से प्रभावित पानी की स्कीमों को जल्द ठीक करने के निर्देश दिये ताकि लोगों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त पानी की जिन परियोजनाओं में गाद आने से जल आपूर्ति बाधित हुई है उन्हें भी जल्दी दुरुस्त कर लें। उन्होंने विभाग को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए की लोगों को समय पर और साफ़ पानी की आपूर्ति हो। उन्होंने विद्युत विभाग को बारिश से प्रभावित बिजली परियोजनाओं को जल्दी ठीक करने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विभाग को बारिश में काम करते हुए अपने कर्मचारियों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये।

उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में मेडिकल, वन, लोक निर्माण, जल शक्ति विभाग आदि की टीम तैयार रखने के निर्देश दिये ताकि किसी भी स्थिति से जल्दी निपटा जा सके। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed