शिमला।
प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के चेयरमैन अभिषेक राणा ने कहा है कि अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया महत्वपूर्ण जरिया बन चुका है। कोरोना के कारण आज जो हालात बने हैं, उसे देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर जल्द ही संसदीय क्षेत्र वार ब्लाक अध्यक्षों से बात करेंगे। राठौर ने पिछले दिनों वीडियो कांफ्रेंसिंग से जिलाध्यक्षों से बात की थी और उनसे जिलों की फीडबैक ली थी।
अभिषेक राणा ने कहा कि जब तक परिस्थितियां अनुकूल नहीं होती, तब तक वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए ही प्रदेश कांग्रेस फीडबैक लेने के साथ संगठन संबंधी दिशानिर्देश भी देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से बात की जा रही है और ऐसी संकट की घड़ी में पार्टी में बेहतर तालमेल बनाने में सोशल मीडिया की अहम भूमिका बन गई है। राणा ने कहा कि कोविड-19 का प्रकोप समाप्त होने तक सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना जरूरी है। ऐसे में इन हालात में पार्टी की गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाए रखने में सोशल मीडिया ही एकमात्र बढ़िया विकल्प है और इसके जरिए पार्टी निचले स्तर तक कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच अपनी बात पहुंचाती रहेगी।
