Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दावा किया है कि कांग्रेस सरकार आने वाले समय में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने एक साल के कार्यकाल में 20 प्रतिशत राजस्व में बढ़ोतरी की है। प्रदेश में जीएसटी में भी बढ़ोतरी हुई है। 

मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जिला व ब्लॉक अध्यक्षों, मंत्रिमंडल के सदस्यों, विद्यायकों, पूर्व विधायकों अग्रणी संगठनों की एक संयुक्त बैठक को सम्बोधित करते हुए सुक्खू ने कहा कि इस बार प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहरायेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी सभी गारंटियों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही लोक निर्माण विभाग व सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग में 20 हजार रोजगार के पदों का सृजन करेगी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी स्टार्टअप योजना शुरू कर दी गई है जिसके तहत बेरोजगार युवाओं को ई वाहन व सोर ऊर्जा सयंत्र स्थापित करने पर सरकार की ओर से उपदान उपलब्ध करवाया जाएगा।

 उन्होंने कहा कि सरकार ने ओपीएस लागू कर अपनी पहली गारंटी पूरी की है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय लोगों को राहत देने का बहुत बड़ा कार्य प्रदेश सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि आपदा राहत मैन्युल में संसोधन कर प्रभावित लोगों को भी बड़ी राहत दी गई। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि आपदा के समय उन्होंने सरकार को कोई भी सहयोग नही दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा अब किस मुंह से इन चुनावों में वोट मांगेगी।

सुक्खू ने पार्टी पदाधिकारियों को आह्वान किया कि उन्हें प्रदेश कांग्रेस सरकार की एक साल की उपलब्धियों व भावी योजनाओं को पूरी जानकारी देनी होगी। उन्होंने कहा कि 17 जनवरी से प्रदेश में सरकार गांव के द्वार एक अभियान शुरू कर रही है जिसमें हर मंत्री, विधायक व अन्य नेता गांव-गांव जाकर कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां व भावी योजनाओं की पूरी जानकारी देंगे।

इससे पूर्व, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश का वित्तीय संकट पूर्व भाजपा सरकार की देन है। 92 हजार करोड़ रुपए का कर्ज, 10 हजार करोड़ से अधिक कर्मचारियों की देनदारियां प्रदेश सरकार को विरासत में मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के केंद्र में भाजपा नेता प्रदेश की केंद्रीय योजनाओं पर अड़ंगा लगा रहें है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश की कर्ज की सीमा पर भी कटौती कर दी है। 

मुकेश ने पार्टी पदाधिकारियों से एकजुटता के साथ आगे आने और अभी से चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान करते हुए कहा कि इस बार भाजपा को प्रदेश में चारों खाने चित करना है। 

प्रदेश में कांग्रेस एकजुटता के साथ लोकसभा चुनावों का करेगी सामना – प्रतिभा सिंह 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस एकजुटता के साथ लोकसभा चुनावों का सामना करेगी। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लोगों के बीच प्रचारित करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी पार्टी के लोग अपनी-अपनी गाड़ियों में इस यात्रा का स्टीकर लगा कर उनकी इस यात्रा के मकसद को जन जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में हो रहे अन्याय, लोकतंत्र की हत्या, संविधान से खिलवाड़ के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई लड़ रहे है और हमें उनके हाथों को मजबूत करना है। प्रतिभा सिंह ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के देश के लिये दान देने को भी पार्टी नेताओं से दिल खोल कर इसमें अपनी आहुति देने का आह्वान किया।

प्रतिभा सिंह ने बैठक में मुख्यमंत्री से संगठन के कर्मठ कार्यकर्ताओं को सरकार में मान-सम्मान देने की वकालत करते हुए कहा कि पार्टी के प्रति समर्पित व कर्मठ कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा कि नेता पूर्व हो सकते हैं, पर कार्यकर्ता नहीं। इसलिए कार्यकर्तओं को सरकार में उचित मान-सम्मान दिया जाना चाहिए।

बैठक को पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, कौल सिंह ठाकुर ने भी सम्बोधित किया। बैठक में जिलाध्यक्षों व ब्लॉक अध्यक्षों, विधायकों व अग्रणी संगठनों के प्रमुखों ने भी अपने-अपने विचार रखे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed