Spread the love
शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के लंबित परीक्षा परिणामों को जारी न करके युवाओं के साथ धोखा कर रही है। रिज़ल्ट के इंतज़ार में आज प्रदेश के युवा भटक रहे हैं और वे नेताओं और सरकारी दफ़्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाखों नौकरियों का वादा करके सत्ता में आई कांग्रेस सरकार नई नौकरियां देना दूर जिन पोस्ट कोड की सारी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं, उनके परिणाम भी नहीं घोषित कर रही है। यह सीधे-सीधे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलने के बाद भी युवाओं के मसले हल नहीं हो रहे हैं। यह दुःखद स्थिति है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लंबित परिणामों को अविलंब जारी करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से निवेदन किया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ न करें और हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग सभी पोस्ट कोड के रिजल्ट जारी करने का रास्ता निकाले। उन्होंने कहा कि जिन पोस्ट कोड में किसी प्रकार की अनियमितता का मामला नहीं चल रहा है, उनके परिणाम एक हफ़्ते के भीतर घोषित करें और जिन पोस्ट कोड में अनियमितता की जांच चल रही है, उन भर्तियों को भी पूरा करने का रास्ता निकाले और जल्दी से जल्दी सभी भर्ती प्रक्रिया को पूरी की जाए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कर्मचारी चयन आयोग के कुछ पोस्ट कोड में अनियमितता के मामले सामने आये हैं। हम दोषी को सख़्त से सजा देने के पक्ष में हैं, लेकिन परीक्षा का परिणाम न घोषित करके सरकार परीक्षार्थियों को सज़ा दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जांच प्रक्रिया में तेज़ी लाकर दोषियों को सज़ा दे लेकिन भर्ती प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाए। भर्ती प्रक्रिया को जल्दी से जल्दी पूरा करने का रास्ता भी निकाले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के एक लाख युवाओं को नौकरी का वादा करके सत्ता में आई है। अब अपने वादे को पूरा करे।
जिन पोस्ट कोड्स में नहीं हैं कोई धांधली, उनके परिणाम तुरंत जारी करे सरकार
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिन पोस्ट कोड में पेपर लीक की बात सामने नहीं आई है। सरकार उन पोस्ट कोड्स के परिणाम जल्दी से जल्दी घोषित करे और चयनित हुए युवाओं की नियुक्तियां सुनिश्चित करे। सरकार जाननूझकर परीक्षा परिणाम निकालने में देर कर रही है। युवाओं के भविष्य के साथ हम खिलवाड़ नहीं होने देंगे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिन पोस्ट कोड में किसी प्रकार की धांधली हुई है, उनकी भी भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का रास्ता निकाले। आख़िर युवा कितने समय तक जांच और परीक्षा परिणामों का इंतज़ार करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed