Spread the love
शिमला।‌ शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कोटखाई एवं जुब्बल में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बारिश के कारण हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता इस आपदा के दौर में लोगों को सुरक्षा प्रदान करना है और इस दृष्टि से सभी अधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन करें।
रोहित ठाकुर ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में हम सब को एकजुट होकर कार्य करने की भी आवश्यकता है ताकि लोगों को इस दौरान हुई मुश्किल से बाहर निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता रहेंगी की राष्ट्रीय राजमार्ग किसी भी सूरत में बंद न हो ताकि मुख्य सड़क के माध्यम से इस दौरान आवश्यक सामग्री को ले जाने में आसानी रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र की सभी सड़के सेब सीजन से पहले बहाल करने के भी निर्देश दिए ताकि बागवान अपनी फसल को मंडियों तक पहुंचा सके। उन्होंने कहा कि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में इस समय सैकड़ों सड़के अवरुद्ध हैं। उन्होंने इन सभी सड़कों को चरणबद्ध तरीके से बहाल करने के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री ने कोकुनाला में क्षतिग्रस्त पुल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुल का क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण कार्य मौसम ठीक होने पर समुचित तरीके से पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग को चौड़ा करने तथा पानी की निकासी के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए ताकि लोगों को यहां पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि जुब्बल कोटखाई में इस बारिश के दौरान करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है जिसका विभागों द्वारा आकलन किया जा रहा है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में पानी की भी सैकड़ों परियोजनाएं ठप्प पड़ी है। उन्होंने कहा कि तहसील मुख्यालय में पानी की आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जाए ताकि तहसील मुख्यालय में लोगों की अधिक आबादी के कारण उन्हें पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण हर व्यक्ति को किसी न किसी प्रकार से नुकसान हुआ है। हमारी प्राथमिकता इस घड़ी में सबसे पहले गरीबों को सहयाता प्रदान करना रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी बारिश के कारण हुए नुकसान का सही आकलन सरकार को भेजें ताकि उस हिसाब से आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा सके।
शिक्षा मंत्री ने जुब्बल में सड़क के धंसे हुए हिस्से का भी निरक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क जुब्बल के आवागमन के लिए बड़ी महत्वपूर्ण है, इस दृष्टि प्राथमिकता के आधार पर इसे बहाल करने के प्रयास किए जायेंगे। शिक्षा मंत्री ने इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर हुए नुकसान का जायजा लिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरता, उपमंडल दण्डाधिकारी जुब्बल राजीव सांख्यान, मुख्य अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग, अधीक्षण अभियंता, अधिशाषी अभियंता, बीडीओ जुब्बल, तहसीलदार अरुण शर्मा सहित विभागीय उच्च अधिकारीगण उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed