Spread the love
शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं ठियोग से कांग्रेस विधायक कुलदीप राठौर ने कहा कि हिमाचल में भारी बारिश व बाढ़ का कहर बरपा है और लोग सहमे हुए हैं। नुकसान का तत्काल सही आंकलन नहीं हो सकता, पर इतना जरूर है कि यह नुकसान हजारों करोड़ का है। उन्होंने केंद्र सरकार से विशेष आर्थिक पैकेज की मांग करते हुए कहा कि पहले ही प्रदेश की आर्थिक स्थिति विकट है और इस त्रासदी से प्रदेश पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ गया है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को एक पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व भाजपा के तीनों सांसदों से भी प्रदेश की मदद का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर सभी नेताओं को इस आपदा की घड़ी में आगे आना चाहिए। राठौर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से भारी बारिश व बाढ़ से ध्वस्त हुई सेब वाहुल क्षेत्रों की संपर्क सड़कों की युद्ध स्तर पर मुरम्मत करने व इन्हें बहाल करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में सेब बागवानों की आर्थिकी इसी पर निर्भर है और अगर इन क्षेत्रों में सड़को को तुरंत ठीक नहीं किया गया तो बागवानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़े।
प्रतिभा सिंह ने‌‌ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष आर्थिक पैकेज की मांग की
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने इस दौरान पत्रकार वार्ता में केंद्र से इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष आर्थिक पैकेज की मांग की। उन्होंने इस आपदा से हुए नुकसान के आंकलन के लिये केंद्रीय टीम जल्द भेजने का भी आग्रह किया।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने सभी नेताओं को लोगों की सहायता के लिए जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिये प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया गया है, जबकि सभी जिलों में कांग्रेस महासचिवों व जिलाध्यक्षों को अपने अपने जिलों में इन केंद्रों के प्रभारी बनाये गए हैं।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह स्वयं बुधवार से अपने संसदीय क्षेत्र मंडी के दौरे पर जा रही हैं, जहां वह इस आपदा के नुकसान का जायजा लेते हुए अधिकारियों से राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने भी प्रदेश में भारी बारिश बाढ़ से हुए नुकसान पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस आपदा में मारे गए लोगों के प्रति भी अपनी संवेदना व्यक्त की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed